दीपावली तक सड़क खुदाई और पानी के नए कनेक्शन पर रोक

Press Release उत्तर प्रदेश


—- शहर की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए नगर आयुक्त ने कसी अधिकारियों की नकेल

—- 15 बिंदुओं पर की समीक्षा, सफाई से लेकर जलापूर्ति, सीवर और स्ट्रीट लाइट तक की व्यवस्था सुधारने के निर्देश

आगरा। दीपावली से पहले शहर की व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि त्योहार तक शहर में सफाई, पेयजल, सीवर, सड़क और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। अति आवश्यक कार्यों को छोड़कर दीपावली तक पानी के नए कनेक्शन और सड़क खुदाई पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने और सफाई व्यवस्था मुकम्मल रखने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया है।
स्मार्ट सिटी सभागार में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें शहर की व्यवस्थाओं से जुड़े 15 प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों को इन सभी बिंदुओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

—- कूड़ा उठान से लेकर शहर के प्रवेश मार्गों तक की सफाई पर जोर

नगर आयुक्त ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने, कूड़ा संवेदनशील स्थलों (जीवीपी) को खत्म करने और सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। शहर के प्रवेश मार्गों को साफ-सुथरा रखने के साथ ही प्रमुख मार्गों, फुटपाथों और सेंट्रल वर्ज की सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
सड़क की गुणवत्ता, गड्ढों की मरम्मत और क्षतिग्रस्त फुटपाथों को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए। त्योहार के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए सड़क खुदाई और मरम्मत कार्यों में विभागीय समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

—– पेयजल की गुणवत्ता और सीवर व्यवस्था की होगी निगरानी

शहर में पेयजल आपूर्ति की नियमितता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीवर कनेक्टिविटी, सीवर के निस्तारण, ओवरफ्लो की घटनाओं और खुले में सीवर बहने की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। सीवेज ट्रीटमेंट और जल निकासी व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
नालों की सफाई और जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर समस्या के स्थायी समाधान पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जलभराव की आशंका वाले स्थानों पर पहले से ही आवश्यक इंतजाम कर लिए जाएं, जिससे त्योहार के दौरान लोगों को परेशानी न हो।

अंधेरे वाले स्थानों पर लगेंगी स्ट्रीट लाइटें

शहर में स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की समीक्षा करते हुए नगर आयुक्त ने प्रत्येक वार्ड में चालू स्ट्रीट लाइटों की संख्या और अंधेरे वाले स्थानों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। खराब लाइटों को ठीक कराने और जरूरत के अनुसार नए प्रकाश बिंदु विकसित करने पर जोर दिया गया।
पार्कों की सफाई, ओपन जिम, खेल सुविधाओं, कैफे और सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पुस्तकालयों, सामुदायिक केंद्रों और जल निकायों के रखरखाव पर भी ध्यान देने को कहा गया।

—- शिकायतों के निस्तारण और नागरिक सेवाओं में सुधार के निर्देश

बैठक में नागरिक शिकायतों के त्वरित निस्तारण और नगर निगम की सेवाओं को सुगम बनाने पर जोर दिया गया। गृहकर और जलकर जैसी सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाने, शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई करने तथा आवारा पशुओं के प्रबंधन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
शहर के प्रवेश मार्गों की सुंदरता बढ़ाने, डिवाइडर की मरम्मत, रंगाई-पुताई और पेड़ों की छंटाई पर जोर दिया गया। सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित रखने और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए भी अधिकारियों को कार्ययोजना के अनुसार काम करने को कहा गया।
बैठक में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, उप नगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह, सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय और अशोक प्रिय गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार गौतम,ए ओ विपिन यादव, मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव एवं मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम, पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह और महाप्रबंधक जलकल कुमार गौरव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *