दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की तैयारी तेज, नगर आयुक्त ने यमुना घाटों का किया निरीक्षण

Press Release उत्तर प्रदेश

—– यमुना घाटों पर बनने लगे वैकल्पिक विसर्जन कुंड, सुरक्षा के लिए होगी मजबूत बैरीकेडिंग और रोशनी के निर्देश

आगरा। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार शाम नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार के साथ यमुना नदी के किनारे स्थित दशहरा और हाथी घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घाटों और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था, चूना छिड़काव और सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही वैकल्पिक विसर्जन कुंडों के निर्माण और सुरक्षा के लिए जल बैरीकेडिंग की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा।
18 और 20 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के यमुना किनारे पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए कैलाश मंदिर के समीप स्थित घाट, हाथीघाट और दशहरा घाट पर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इन स्थानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण गहरे पानी में डूबने या बहने जैसी दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसे रोकने के लिए घाटों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया गया है।

—– यमुना में प्रतिमा विसर्जन के बजाय वैकल्पिक कुंडों पर जोर

नगर निगम प्रशासन को यमुना नदी के किनारे निर्धारित स्थानों पर वैकल्पिक गड्ढों यानी विसर्जन कुंडों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए हैं। इन कुंडों में प्रतिमाओं के विसर्जन की समुचित व्यवस्था की जाएगी। इसके पीछे यमुना नदी को प्रदूषण से बचाने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का उद्देश्य है। उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में नदी में सीधे मूर्ति विसर्जन के स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने पर जोर दिया जा रहा है।

—– मजबूत बैरीकेडिंग और रोशनी की व्यवस्था

विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत बैरीकेडिंग कराई जाएगी। घाटों और वैकल्पिक कुंडों के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि विसर्जन के दौरान अंधेरे के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी कर ली जाएं।

—– पहुंच मार्गों की सफाई और गड्ढों की मरम्मत के निर्देश

नगर निगम प्रशासन को घाटों के साथ-साथ वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाने , मार्गों पर चूना छिड़काव, पथ प्रकाश व्यवस्था और आवश्यकतानुसार पैचवर्क कराये जाने के निर्देश उन्होंने अधिकारियों को दिए। उद्देश्य है कि विसर्जन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और आयोजन के दौरान घाटों पर स्वच्छता बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय जोनल स्वच्छता अधिकारी (जेडएसओ) आशुतोष वर्मा और राजीव बालियान सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए विसर्जन से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *