आगरा। पूजा और आगामी त्योहारों के दौरान रेल यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन संख्या 14212/14211 नई दिल्ली – आगरा कैंट – नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस का अस्थाई रूप से ग्वालियर स्टेशन तक विस्तार किया गया है। पर्व-त्योहारों के दौरान दिल्ली, आगरा, धौलपुर, मुरैना और ग्वालियर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
ट्रेन के विस्तार की अवधि के तहत, ट्रेन संख्या 14212 (नई दिल्ली से ग्वालियर) दिनांक 05 नवंबर 2026 से 14 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली से अपनी यात्रा शुरू कर ग्वालियर तक का सफर तय करेगी (कुल 10 फेरे)। वहीं वापसी दिशा में, ट्रेन संख्या 14211 (ग्वालियर से नई दिल्ली) दिनांक 06 नवंबर 2026 से 15 नवंबर 2026 तक आगरा कैंट के स्थान पर सीधे ग्वालियर रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली के लिए संचालित होगी (कुल 10 फेरे)।
समय-सारणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 14212 नई दिल्ली से शाम 17:40 बजे प्रस्थान कर 22:05 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी और 22.20 बजे रवाना होकर धौलपुर 23:18 बजे आगमन एवं 23.20 पर प्रस्थान करेगी तथा मुरैना 00:10 बजे आगमन तथा 00.12 बजे प्रस्थान करते हुए रात 01:40 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 14211 ग्वालियर से 02:40 बजे प्रस्थान करेगी और मुरैना 03:28 बजे आगमन तथा 03.30 बजे प्रस्थान, धौलपुर 04:35 बजे आगमन तथा 04.37 बजे प्रस्थान तथा आगरा कैंट 05:40 बजे आगमन तथा 05.45 बजे प्रस्थान करते हुए सुबह 10:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
यात्रियों से अपील है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन के समय एवं ठहराव की जानकारी रेलवे की अधिकृत पूछताछ सेवा एनटीईएस अथवा हेल्पलाइन नंबर 139 से प्राप्त कर लें।


