
—– टेढ़ी बगिया श्याम नगर में करीब नौ लाख रुपये से बन रही सड़क के निर्माण में मिली खामियां, शिकायत पर पहुंची निगम की टीम
आगरा। नगर निगम के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और मानकों की अनदेखी करने वाले ठेकेदारों पर अब कार्रवाई की जा रही है। वार्ड 32 के टेढ़ी बगिया स्थित श्याम नगर में सड़क निर्माण कार्य के दौरान मानकों का पालन नहीं किए जाने की शिकायत पर नगर निगम प्रशासन ने मौके पर जांच कराई। जांच में निर्माण कार्य में खामियां सामने आने पर निगम की टीम ने सड़क किनारे बनाई जा रही पूरी नाली को उखड़वा दिया। साथ ही संबंधित ठेकेदार को निर्धारित मानकों के अनुरूप दोबारा नाली का निर्माण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
श्याम नगर में नगर निगम की ओर से करीब नौ लाख रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस कार्य की जिम्मेदारी खंडेलवाल एंड कंपनी को दी गई है। निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय नागरिकों ने नाली के निर्माण में मानकों की अनदेखी किए जाने की शिकायत नगर निगम प्रशासन से की थी। नागरिकों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अवर अभियंता हरिओम ने टास्कफोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
मौके पर जांच के दौरान निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का उल्लंघन सामने आया। इस पर निगम की टीम ने सख्त रुख अपनाते हुए बनाई गई नाली को उखड़वा दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कार्य पूरा कराना होगा।
अवर अभियंता हरिओम ने बताया कि स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर मौके का निरीक्षण किया गया था। जांच में नाली निर्माण में मानकों का पालन नहीं किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद नाली को हटवा दिया गया है। संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि वह निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए सड़क किनारे नाली का दोबारा निर्माण कराए। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नजर रखी जाएगी, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सके।
नगर निगम प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि निर्माण कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित ठेकेदार को दोबारा काम करना पड़ सकता है। स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर की गई कार्रवाई के बाद अब नाली का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार कराना ठेकेदार की जिम्मेदारी होगी।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन:::
“नगर निगम के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य है। किसी भी निर्माण कार्य में अनियमितता या लापरवाही सामने आने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्यों का नियमित निरीक्षण करें और गुणवत्ता सुनिश्चित कराएं, ताकि सरकारी धन का सदुपयोग हो तथा नागरिकों को टिकाऊ और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।”


