एक घंटा श्रमदान से चमके चौराहे, फुटपाथों की हुई धुलाई

Press Release उत्तर प्रदेश

—- बच्चों ने ली स्वच्छता की शपथ, रंगोलियों से दिया जागरूकता का संदेश

आगरा। स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत गुरुवार को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ ,अभियान में वार्डों में एक साथ श्रमदान किया गया। नगर निगम अधिकारियों-कर्मचारियों, पार्षदों, सफाई मित्रों, सहयोगी संस्थाओं और स्कूलों के विद्यार्थियों ने अभियान में सहभागिता की। अलग-अलग क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों, चौराहों और फुटपाथों की सफाई के साथ उनकी धुलाई भी कराई गई।
सफाई के बाद कई प्रमुख स्थानों पर आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं। इनके जरिए स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संदेश दिया गया। अभियान में स्थानीय लोगों को भी जोड़ा गया, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था में नागरिक सहभागिता बढ़ाई जा सके।

—- विद्यालयों में भी चला जागरूकता कार्यक्रम

अभियान के तहत विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों ने स्वच्छता की शपथ लेकर अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने का संकल्प लिया। साथ ही विद्यार्थियों से परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। अभियान में सहभागिता करने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता से जोड़ना और इसे दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाना है। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के श्रमदान से न केवल सार्वजनिक स्थलों की सफाई हुई, बल्कि नागरिकों में अपने शहर के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत करने का संदेश दिया गया।
नगर निगम की ओर से शहरवासियों से अपील की गई कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें, गीले और सूखे कचरे को अलग रखें तथा सार्वजनिक स्थलों को गंदा न करें। अभियान के जरिए स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बनाने पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *