-40 से 50 वर्षों से बाजार की पहचान बनाने में योगदान देने वाले व्यापारियों को किया सम्मानित
समिति ने प्रस्तुत किया वर्षभर के सामाजिक एवं व्यापारिक कार्यों का लेखा-जोखा
आगरा, 28 सितंबर। लुहार गली व्यापार समिति का वार्षिकोत्सव सोमवार को विजय क्लब, विजय नगर कॉलोनी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लुहार गली के उन आठ वरिष्ठ व्यापारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने पिछले 40 से 50 वर्षों के लंबे व्यावसायिक जीवन में बाजार को स्थापित करने और उसकी पहचान मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सम्मान के दौरान व्यापारियों ने उनके लंबे अनुभव और योगदान को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया।
लुहार गली का बाजार आगरा ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश और देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है। यह बाजार गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों की महिलाओं के लिए सौंदर्य प्रसाधन सामग्री, होजरी, खिलौने, कपड़े, ज्वेलरी, गिलट तथा चांदी की पायलों सहित विभिन्न सामान का प्रमुख केंद्र है।
समिति के अध्यक्ष संदीप गुप्ता एवं महामंत्री संजीव अग्रवाल ने बताया कि समिति की ओर से पिछले कुछ वर्षों से वरिष्ठ व्यापारियों को सम्मानित करने की परंपरा शुरू की गई है। इसका उद्देश्य उनके योगदान को सम्मान देना और उनके अनुभवों से नई पीढ़ी को प्रेरणा देना है। इसी क्रम में इस वर्ष भी 40 से 50 वर्षों से व्यापार कर रहे वरिष्ठ व्यापारियों को सम्मानित किया गया।
इन वरिष्ठ व्यापारियों का हुआ सम्मान
वार्षिकोत्सव में पुरुषोत्तम दास अग्रवाल, श्री रमेश चंद्र अग्रवाल, रविंद्र कुमार , सतीश अरोड़ा, महेश चंद्र अग्रवाल, सुभाष चंद्र जैन, राजेंद्र कुमार अग्रवाल एवं सतीश अग्रवाल को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में व्यापार समिति की ओर से पिछले एक वर्ष के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। साथ ही वर्षभर में समिति द्वारा किए गए विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक कार्यों की रिपोर्ट भी रखी गई।पदाधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों और व्यापारियों के हित में किए गए कार्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आगरा उत्तर के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग के अध्यक्ष राकेश गर्ग एवं आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में व्यापार समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य निर्मल कुमार जैन, राजेंद्र प्रसाद जैन, राकेश बंसल, राजीव अग्रवाल, विपिन गोयल, मेघराज दियालानी, प्रदीप गोयल, बंटी बरुआ, संजय अरोड़ा, अमित अग्रवाल, ऋषि अग्रवाल, नितिन गुप्ता, अनुज गुप्ता, अमित राजपाल, सौरभ कुशवाहा, सुमित गुप्ता, कुणाल अग्रवाल, कन्हैया अग्रवाल, रवि अग्रवाल, राम, अनिमेष शर्मा, प्रबल गोयल, विवेक गोयल, दीपक सिंघल, ईशांत गुप्ता, विनय गोयल एवं मनोज गोयल सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।


