विश्व पर्यटन दिवस पर विरासत एवं पर्यटन स्थलों पर चला विशेष स्वच्छता अभियान

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा मंडल में पर्यटक एवं विरासत वाले स्टेशनों पर स्वच्छता, जन-जागरूकता और जिम्मेदार पर्यटन का संदेश

‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देना तथा स्वच्छ एवं विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
आज दिनांक 27 सितंबर 2026, विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल के संरक्षण एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री गिरीश कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशन में आगरा मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छ पर्यटक एवं विरासत अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत प्रमुख तीर्थ स्थलों एवं विरासत स्थलों, मथुरा जंक्शन, आगरा कैंट, आगरा फोर्ट, धौलपुर एवं आगरा सिटी स्टेशन सहित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय एवं अन्य प्रमुख विरासत स्थलों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। साथ ही इन स्थानों को आकर्षक रूप से प्रकाशित एवं सज्जित किया गया।
अभियान के अंतर्गत आगरा मंडल के विरासत रेलवे स्टेशनों, संग्रहालय कोचों, स्वच्छ प्रतिष्ठित रेलवे स्थलों तथा अधिक यात्री आवागमन वाले पर्यटन एवं तीर्थस्थल से जुड़े स्टेशनों पर विशेष स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। इन स्थानों पर साफ-सफाई के साथ-साथ यात्रियों एवं पर्यटकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के संदेशों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वच्छता परिसरों एवं सार्वजनिक शौचालयों की विशेष सफाई कर स्वच्छता सुनिश्चित की गई। साथ ही प्रमुख विरासत रेलवे भवनों एवं स्मारकों को स्वच्छता अभियान के संदेशों के अनुरूप रोशन एवं सज्जित कर स्वच्छता और विरासत संरक्षण का संदेश दिया गया।
रेलवे द्वारा पर्यटन एवं विरासत स्थलों पर आने वाले यात्रियों से जिम्मेदार पर्यटन एवं नागरिक व्यवहार अपनाने की अपील की गई। यात्रियों को सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फैलाने, निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करने, प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने तथा रेलवे की ऐतिहासिक एवं विरासत संपत्तियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान रेलवे कर्मचारियों एवं स्वच्छता कर्मियों द्वारा यात्रियों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ पर्यटन स्थल न केवल पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्रदान करते हैं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत एवं पर्यावरण के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *