24 सितंबर को प्रशिक्षण शिविर संपन्न, मोहित दिवाकर और प्रिया बघेल को सौंपी गई टीम की कमान
आगरा। आंध्र प्रदेश में 26 से 29 सितंबर 2026 तक आयोजित होने जा रही प्रथम सब-जूनियर डायमंड बॉल राष्ट्रीय प्रतियोगिता एवं फेडरेशन कप में प्रतिभाग करने के लिए उत्तर प्रदेश की टीम का प्रशिक्षण एवं चयन शिविर 24 सितंबर 2026 को संपन्न हुआ। शिविर के समापन के साथ ही प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम का चयन किया गया।
चयनित टीम में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, आगरा सहित बरेली, अलीगढ़, मैनपुरी, लखनऊ, फिरोजाबाद एवं प्रदेश के अन्य जिलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को स्थान दिया गया है। चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों के खेल कौशल, प्रदर्शन एवं फिटनेस के आधार पर टीम का गठन किया गया।
डायमंड बॉल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के महासचिव दिलीप शर्मा ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित खिलाड़ी पूरी तैयारी और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
टीम की कमान अनुभवी खिलाड़ी मोहित दिवाकर को सौंपी गई है, जबकि प्रशांत चौहान को उपकप्तान बनाया गया है। वहीं बालिका वर्ग में प्रिया बघेल को कप्तान तथा आशी चांदला को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है।
उत्तर प्रदेश की चयनित टीम को राजीव सोई, प्रधानाचार्य मानवेंद्र सिंह, के.पी. सिंह यादव, डॉ. देश दीपक कुलश्रेष्ठ, अमिताभ गौतम, संजय नेहरू, योगेश थापा, सरपंच विश्वेंद्र कुमार शर्मा एवं जय शंकर यादव , बंटी यादव सहित अन्य पदाधिकारियों एवं खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं दीं। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विजेता बनकर उत्तर प्रदेश लौटने की कामना की।


