जनकपुरी आयोजन की सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर 12 अफसरों को कारण बताओ नोटिस

Press Release उत्तर प्रदेश

—- दो-दो सफाई मित्र उपलब्ध कराने के निर्देश, स्पष्टीकरण भी मांगा

आगरा। जनकपुरी आयोजन के मद्देनजर सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। आयोजन स्थल पर पर्याप्त संख्या में सफाई मित्र उपलब्ध नहीं कराए जाने के मामले में एक दर्जन सीएसएफआई/एसएफआई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार के निर्देश पर जारी संबंधित अधिकारियों से लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही संबंधित आवंटित वार्डों से दो-दो सफाई मित्र प्रत्येक दशा में जनकपुरी आयोजन के वार्ड-88 के स्वच्छता निरीक्षक जागेन्द्र प्रताप सिंह को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर नगर आयुक्त ने बताया कि जनकपुरी आयोजन के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने के लिए सभी सीएसएफआई/एसएफआई को निर्देश दिए गए थे। इसके तहत प्रत्येक स्वच्छता निरीक्षक को अपने-अपने आवंटित वार्ड क्षेत्र से दो-दो सफाई मित्र जनकपुरी आयोजन स्थल पर सफाई कार्य के लिए उपलब्ध कराने थे लेकिन समीक्षा में सामने आया कि निर्धारित संख्या में सफाई मित्र आयोजन स्थल पर उपलब्ध नहीं कराए गए। नोटिस में कहा गया है कि इसके कारण जनकपुरी आयोजन स्थल की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसी को देखते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि उच्च अधिकारी के निर्देश दिए जाने के बाद भी सफाई मित्रों को कार्य के लिए उपलब्ध न कराना आवश्यक व्यवस्था के कार्य में लापरवाही की श्रेणी में आता है। संबंधित अधिकारियों को लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं।

इन अधिकारियों को जारी किये गये हैं नोटिस —–

मलखान सिंह, नूपुर सिंह,अभय यादव, योगेंद्र कुशवाहा, संजीव उपाध्याय, जितेन्द्र गौतम, मनोज पाल, राजीव बालियान,इन्द्रपाल सिंह, रचना गुप्ता, रमेश चंद्र सैनी, और सुदेश यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *