सड़क-फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों पर चला निगम का डंडा

Press Release उत्तर प्रदेश


—— संजय प्लेस से ईदगाह तक कार्रवाई, ठेल-धकेल और काउंटर जब्त
—— सड़क पर जनरेटर रखने पर हास्पीटल से 25 हजार रुपये जुर्माना वसूला

आगरा। शहर में सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने सोमवार को व्यापक अभियान चलाया। नगर निगम की टीम ने संजय प्लेस से लेकर साईं की तकिया होते हुए ईदगाह बस स्टैंड तक अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाए गए काउंटर, ठेल और धकेल जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों से करीब 25 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
नगर निगम की टीम के पहुंचते ही सड़क और फुटपाथ पर अस्थायी रूप से दुकानें और अन्य सामान लगाकर कब्जा करने वालों में खलबली मच गई। टीम ने सार्वजनिक मार्ग और फुटपाथ को बाधित कर रहे सामान को हटवाया तथा कई काउंटर और ठेल-धकेल जब्त कर लिए। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा सार्वजनिक स्थान पर कब्जा न करने की चेतावनी भी दी।

—- फुटपाथ पर चल रहे ढाबे पर भी कार्रवाई

अभियान के दौरान संजय प्लेस क्षेत्र में फुटपाथ पर संचालित किए जा रहे एक ढाबे के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर रास्ता खाली कराया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फुटपाथ पैदल यात्रियों के आवागमन के लिए है और उस पर किसी तरह का स्थायी या अस्थायी अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा।

—– सड़क किनारे जनरेटर रखने पर अस्पताल पर जुर्माना

कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे जनरेटर रखकर यातायात व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में जीवन रेखा हॉस्पिटल प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने अस्पताल प्रबंधन पर जुर्माना लगाया और सड़क किनारे इस तरह यातायात में बाधा उत्पन्न नहीं करने की हिदायत दी।

—- सहायक अभियंता के नेतृत्व में चला अभियान

अतिक्रमण हटाओ अभियान का नेतृत्व सहायक अभियंता जीवेक ने किया। अभियान के दौरान एसएफआई नीलेन्द्र भी मौजूद रहे। नगर निगम की टीम ने विभिन्न स्थानों पर अतिक्रमण हटाने के साथ ही जुर्माना वसूली और सामान जब्ती की कार्रवाई की।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक शहर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने तथा पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रखी जाएगी।

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा, “शहर में सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन स्थानों पर सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर यातायात व्यवस्था प्रभावित की जा रही है, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *