उखर्रा में नहर की बदहाली से जलभराव का संकट, नगर आयुक्त ने दिये सफाई के निर्देश

Press Release उत्तर प्रदेश


—— नगर आयुक्त ने किया वार्ड 57 का निरीक्षण, पुलिया की मरम्मत और नहर की सफाई के निर्देश
—— वार्ड में जगह जगह गंदगी पाये जाने पर जेड एस ओ से मांगा स्पष्टीकरण

आगरा। वार्ड 57 उखर्रा में नाला सफाई, जल निकासी और मार्ग व्यवस्था की स्थिति का नगर आयुक्त ने शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में जगह-जगह गंदगी और जल निकासी की समस्या सामने आई। गंदगी पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने क्षेत्रीय जेड एस ओ योगेंद्र कुशवाहा से स्पष्टीकरण देने के निर्देश और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के साथ ही क्षतिग्रस्त पुलिया और नाले की बाउंड्रीवाल की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
नगर निगम प्रशासन के निरीक्षण के दौरान उर्खरा के प्रवेश मार्ग पर सार्वजनिक स्थल पर कूड़ा पड़ा मिला। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित जेडएसओ और स्वच्छता निरीक्षक को नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने तत्काल कूड़ा हटवाने और वार्ड में उच्च स्तर की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि सार्वजनिक और खुले स्थानों पर कूड़ा फेंकने की स्थिति दोबारा सामने नहीं आनी चाहिए।

—— नहर को बना दिया नाला, वर्षों से नहीं हुई सफाई

निरीक्षण के दौरान वार्ड के अंतर्गत स्थित नाले की बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त मिली। क्षेत्रीय पार्षद और स्थानीय लोगों ने नगर आयुक्त को बताया कि जिस नाले को स्थानीय स्तर पर नाला कहा जाता है, वह वास्तव में पार्क माइनर की नहर है। नहर के निर्माण के बाद से इसकी समुचित सफाई नहीं होने के कारण जल निकासी प्रभावित है। लोगों के मुताबिक जल निकासी बाधित होने से आसपास के क्षेत्रों में जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा होती है और बारिश के मौसम में नहर ओवरफ्लो हो जाती है।
निरीक्षण में नाले की पुलिया भी क्षतिग्रस्त और धंसी हुई मिली। बाउंड्रीवाल की हालत भी खराब पाई गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिया और बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त होने के कारण पहले भी अप्रिय घटनाएं हो चुकी हैं। नगर आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

—- ग्रामीण और नगर निगम सीमा में है नहर

निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि उक्त नहर का कुछ हिस्सा ग्रामीण क्षेत्र में और कुछ हिस्सा नगर निगम की सीमा में आता है। इस स्थिति को देखते हुए नगर आयुक्त ने नोडल अधिकारी को पुलिया की मरम्मत सहित पूरे मामले की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम को नहर की सफाई, जल निकासी और पानी के निर्बाध प्रवाह की व्यवस्था के संबंध में डीपीआरओ को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि संबंधित विभाग के स्तर से भी आवश्यक कार्रवाई कराई जा सके।

—- नियमित निरीक्षण के निर्देश

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वार्ड में सफाई और जल निकासी व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा जमा न होने दिया जाए और नालों-नहरों की स्थिति पर विशेष नजर रखी जाए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव और ओवरफ्लो की समस्या से लोगों को परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, संबंधित एसएफआई मलखान सिंह, जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा तथा क्षेत्रीय पार्षद फूल प्यारी लोधी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *