गोबर और सिल्ट से फिर पट गया नाला, पांडव नगर में जलभराव पर एसएफआई को नोटिस

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। पांडव नगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या को लेकर सामने आई शिकायतों के बाद नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देश पर सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नाले की स्थिति बेहद खराब मिली। नाले में गोबर और सिल्ट जमा होने के कारण पानी की निकासी बाधित थी, जिसकी वजह से बारिश के बाद क्षेत्र में अपेक्षाकृत अधिक जलभराव की स्थिति बनी।
श्री गौतम के मुताबिक, जिस नाले में जलनिकासी बाधित मिली, वह नाला मारुति स्टेट की तरफ से होकर आ रहा है और आगे पांडव नगर क्षेत्र में जलनिकासी करता है। नाले की पूर्व में सफाई कराई जा चुकी थी, लेकिन दोबारा इसमें बड़ी मात्रा में गोबर, गंदगी और सिल्ट जमा हो गई। इससे नाले की जल प्रवाह क्षमता कम हो गई और बारिश का पानी तेजी से आगे नहीं निकल सका।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि नाले की नियमित निगरानी और सफाई नहीं होने पर आसपास से आने वाली गंदगी दोबारा नाले में जमा हो रही है। विशेष रूप से गोबर के जमा होने से नाले में सिल्ट के साथ मोटी परत बन गई थी। इसके कारण बारिश के दौरान पानी का बहाव प्रभावित हुआ और पांडव नगर में जलभराव की समस्या बढ़ गई। इसे गंभीरता से लेते हुए सहायक नगरआयुक्त ने एस एफआई प्रदीप गौतम को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
सहायक नगरआयुक्त ने मौके पर नाले की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि नाले की पहले भी सफाई कराई गई थी, लेकिन दोबारा गंदगी जमा होने के कारण समस्या पैदा हुई है। नाले की पूरी तरह सफाई कराने के साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि इसमें दोबारा गोबर और अन्य कचरा न डाला जाए।
उन्होंने बताया कि जलभराव वाले स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है। बारिश के दौरान जहां भी जलनिकासी में बाधा सामने आ रही है, वहां तत्काल सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कराई जा रही हैं। पांडव नगर में भी नाले की सफाई के बाद जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि आने वाली बारिश में लोगों को जलभराव की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नाले के आसपास की स्थिति भी देखी और जलनिकासी में बाधा बनने वाले कारणों को चिन्हित किया। नगर निगम की टीम का प्रयास है कि नाले की सफाई के साथ-साथ उसमें दोबारा गंदगी जमा न हो, इसके लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *