
आगरा। आज पूरे देश में राष्ट्रीय महापर्व स्वतंत्रता दिवस की धूम रही। सुबह से ही उत्साह देखने को मिला। “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत व्यापारिक प्रतिष्ठानों, कॉलोनियों और भवनों पर सुबह से ही तिरंगे नजर आने लगे।
इस अवसर पर न्यू आगरा की समाजसेवी आलिया जोतवानी ने समस्त देशप्रेमियों से अपील की है। उन्होंने कहा कि जिस उत्साह के साथ हम सभी ने तिरंगे को लगाया है, उसे सम्मान के साथ उतारकर सुरक्षित रखना भी हमारी संस्कृति और जिम्मेदारी है। आलिया जोतवानी ने कहा कि महोत्सव के बाद कई जगह तिरंगे बंदरों व अन्य कारणों से उल्टे लटके रहते हैं और कुछ जगह जमीन पर पड़े दिखाई देते हैं। यह हमारे देश की शान, बान और आन का अपमान है।
उन्होंने अनुरोध किया कि महोत्सव समाप्त होने के बाद तिरंगे को पूरे सम्मान के साथ उतारकर सुरक्षित स्थान पर रखा जाए।


