आगरा। भारतीय रेलवे की सजगता, तत्परता एवं मानवीय सेवा का एक सराहनीय उदाहरण आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर उस समय देखने को मिला, जब चलती ट्रेन में एक गर्भवती महिला यात्री ने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया।
फर्रुखाबाद निवासी महिला यात्री गाड़ी संख्या 12548 साबरमती–आगरा एक्सप्रेस में साबरमती से आगरा छावनी के मध्य अपने परिवार के साथ कोच S-2 की बर्थ संख्या 36, 37 एवं 38 पर यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान उन्हें प्रसव पीड़ा प्रारंभ हुई, जिस संबंध में रेल मदद के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई। शिकायत प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित कोच में कार्यरत टिकट जांच कर्मचारी (टीटीई) को महिला यात्री की सहायता हेतु भेजा गया। साथ ही आगरा छावनी स्टेशन पर उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) को मेडिकल टीम के साथ ट्रेन को अटेंड करने हेतु तत्काल सूचना उपलब्ध कराई गई।
ट्रेन के आगरा कैंट स्टेशन पहुंचते ही रेलवे चिकित्सक डॉ. अवंतिका सिन्हा एवं स्टाफ नर्स श्रीमती सिमरन शर्मा ने प्लेटफॉर्म संख्या 05 पर पहुंचकर महिला एवं नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकीय जांच में मां एवं शिशु दोनों पूर्णतः स्वस्थ पाए गए।
इसके उपरांत प्राथमिक उपचार प्रदान कर महिला एवं नवजात को आगे की समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु एंबुलेंस द्वारा रेलवे अस्पताल भेजा गया।
महिला के पति ने समय पर उपलब्ध कराई गई चिकित्सीय सहायता, संवेदनशीलता एवं सहयोग के लिए रेलवे प्रशासन, चिकित्सकीय दल, टिकट जांच कर्मचारी तथा संबंधित सभी कर्मचारियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
यह घटना भारतीय रेलवे के “सेवा ही संकल्प” के मूल मंत्र को साकार करती है। रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्रदर्शित त्वरित कार्रवाई, उत्कृष्ट समन्वय, सेवा भावना एवं मानवीय संवेदनशीलता यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के प्रति भारतीय रेलवे की अटूट प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।


