सीएम योगी के आगमन से पहले नगर निगम अलर्ट, नगर आयुक्त ने पूरे रूट का किया निरीक्षण

Press Release उत्तर प्रदेश

—– गड्ढे भरने, सफाई, पोल-डिवाइडर दुरुस्त करने के निर्देश, दौरे से 24 घंटे पूर्व सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश

आगरा। 26 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर व्यवस्थाओं को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के उद्देश्य से नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बुधवार को अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल तक के पूरे रूट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं और कहीं भी लापरवाही नजर नहीं आनी चाहिए।
नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान सड़क पर मौजूद गड्ढों को तत्काल भरने, पैच वर्क कराने,पूरे मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाने, झुके हुए विद्युत पोलों को सीधा कराने, क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की मरम्मत कराने तथा डिवाइडरों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों की रंगाई-पुताई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के भ्रमण मार्ग पर प्रत्येक व्यवस्था उच्च स्तर की होनी चाहिए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करें।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने रमाडा से टाटा फील्ड, कमिश्नरी, सर्किट हाउस, शाहजहां गार्डन, अवंतीबाई चौराहा, यमुना किनारा, वाटर वर्क्स, एनएच मार्ग होते हुए खंदारी कैंपस तक पूरे रूट का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर रुककर अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और जहां कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से 24 घंटे पहले सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक बिंदु पर नियमित निगरानी रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम तथा संबंधित क्षेत्रों के जोनल स्वच्छता अधिकारी (जेडएसओ) सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने और तय समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *