सीएम ग्रिड परियोजना के रास्ते से हटे अवरोध, नगर निगम ने ध्वस्त कराईं बाधक दुकानें

Press Release उत्तर प्रदेश

—-हरीपर्वत से राजामंडी तक 26 करोड़ की विकास योजना को मिली रफ्तार, कार्रवाई से मचा हड़कंप
—- कार्य की धीमी प्रगति पर कमिश्नर और कलेक्टर जता चुके हैं नाराजगी

आगरा। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों को गति देने के लिए नगर निगम प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए परियोजना में बाधा बन रही दुकानों और निर्माणों को हटवा दिया। हरीपर्वत चौराहे से राजामंडी रेलवे स्टेशन तक प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए यह कार्रवाई की गई।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इस मार्ग पर सीएम ग्रिड योजना के तहत लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण, फुटपाथ निर्माण, सुंदरीकरण तथा अन्य आधारभूत विकास कार्य कराए जाने हैं। परियोजना के निर्धारित मानकों के अनुसार सड़क के मध्य स्थित डिवाइडर के दोनों ओर 11-11 मीटर के दायरे में आने वाले सभी स्थायी और अस्थायी निर्माणों को हटाया जाना आवश्यक है।
सहायक अभियंता जीवेक ने बताया कि प्रभावित लोगों को लगभग तीन माह पूर्व ही नोटिस जारी कर दिए गए थे। इसके साथ ही क्षेत्र में लगातार मुनादी कराकर लोगों को निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए जागरूक और प्रेरित किया जा रहा था। निगम प्रशासन की अपील पर कई लोगों ने स्वेच्छा से अपने निर्माण और अस्थायी ढांचे हटा लिए थे, जिससे कार्रवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।
हालांकि कुछ दुकानदारों द्वारा निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी निर्माण नहीं हटाए गए। ऐसे में नगर निगम प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बाधक दुकानों और ढांचों को ध्वस्त कराया। कार्रवाई के दौरान दो चाय की दुकानें भी हटाई गईं, जो प्रस्तावित विकास कार्यों के दायरे में आ रही थीं।
नगर निगम अधिकारियों की मौजूदगी में टास्क फोर्स द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में लोगों की भीड़ एकत्र रही। अचानक हुई कार्रवाई से आसपास के दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही, जबकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर के प्रमुख मार्गों पर संचालित सीएम ग्रिड परियोजना का उद्देश्य यातायात दबाव कम करना, पैदल यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करना है। इसी क्रम में परियोजना क्षेत्र में आने वाले अवरोधों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जा रहा है।

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन:—–
“सीएम ग्रिड परियोजना शहर की महत्वपूर्ण आधारभूत विकास योजनाओं में शामिल है। कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए परियोजना क्षेत्र में आने वाले अवरोधों को हटाना आवश्यक है। प्रभावित लोगों को पर्याप्त समय देते हुए पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे तथा लगातार मुनादी के माध्यम से भी जानकारी दी गई थी। नगर निगम का उद्देश्य किसी को असुविधा पहुंचाना नहीं, बल्कि जनहित में विकास कार्यों को सुचारु रूप से आगे बढ़ाना है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *