सुभाष मार्केट हादसा: जांच रिपोर्ट में लापरवाही उजागर, अवर अभियंता के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति, मुख्य अभियंता को नोटिस

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। सुभाष मार्केट हादसे के बाद नगर निगम प्रशासन ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने मामले में प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है, जबकि क्षेत्रीय अवर अभियंता ललित अग्रवाल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
सुभाष मार्केट क्षेत्र में नाले के ऊपर बनी दुकान धंसने की घटना के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली और संपत्तियों के रखरखाव को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे। घटना के तत्काल बाद नगर आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार को पूरे प्रकरण की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
अपर नगर आयुक्त द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि क्षेत्रीय अभियंत्रण अधिकारी की जिम्मेदारी थी कि वे समय-समय पर दुकानों और संरचनाओं की तकनीकी स्थिति का निरीक्षण कर जर्जर भवन को नोटिस जारी करते परन्तु
जांच में पाया गया कि संबंधित अधिकारियों द्वारा इस दिशा में अपेक्षित सतर्कता और तकनीकी निरीक्षण नहीं किया गया, जिसके कारण संरचना की स्थिति का समय रहते आकलन नहीं हो सका। रिपोर्ट में इसे गंभीर प्रशासनिक और तकनीकी लापरवाही मानते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर नगर आयुक्त ने प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही क्षेत्रीय अवर अभियंता ललित अग्रवाल के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में परिसंपत्तियों तथा अन्य सार्वजनिक भवनों की स्थिति का भी परीक्षण कराया जाएगा, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

—- नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन :
“सुभाष मार्केट की घटना अत्यंत गंभीर है। जांच रिपोर्ट में जिन अधिकारियों की लापरवाही सामने आई है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। संरचनात्मक सुरक्षा के प्रति किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और तकनीकी परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *