—– सर्च आपरेशन के दौरान अंडरग्राउंड नाले से सिल्ट और कचरा भी निकाला गया
—- पीड़ित परिवार की मांग पर शाम को पुनः शुरू किया गया सर्च आपरेशन
आगरा। सुभाष मार्केट क्षेत्र में बुधवार को बारिश के दौरान नाला मंटोला पर बनी दुकान धंसने से नाले में गिरी महिला गंगा देवी की तलाश में नगर निगम ने बड़े स्तर पर सर्च अभियान शुरू कर दिया है। महिला का पता लगाने के लिए नगर निगम की करीब सौ कर्मचारियों की टीम लगातार मौके पर जुटी हुई है और अधिकारियों की निगरानी में नाले के भीतर व्यापक स्तर पर खोजबीन की जा रही है।
नगर निगम अधिकारियों के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों, तकनीकी स्टाफ और आपदा प्रबंधन से जुड़े कर्मियों को अलग-अलग टीमों में विभाजित कर नाले के विभिन्न हिस्सों में तलाश अभियान चलाया जा रहा है। खराब होने की दशा में मशीनों को स्टैंडबाई हालत में रखा गया है। गुरुवार सुबह नाले में घुसी पोकलैंड मशीन के खराब होने पर बिना समय गंवाए दूसरी मशीन को आपरेशन में लगाया गया। बुधवार सांय शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन गुरुवार दोपहर तक लगातार जारी रहा। इसके बाद पीड़ित परिवार की मांग पर शाम को पुनः अभियान शुरू किया गया और नाले के अंदर तथा आसपास के क्षेत्रों में गहन तलाशी ली गई।
सर्च अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम द्वारा बिजलीघर स्थित डलियावाले पुल से लेकर हादसा स्थल सुभाष मार्केट तक गुजरने वाले अंडरग्राउंड नाले के भीतर पोकलैंड मशीन उतारी गई। मशीन की मदद से नाले में जमा सिल्ट, मलबा और कचरे को बाहर निकालने का कार्य किया गया, जिससे पानी के प्रवाह को सुचारु बनाने के साथ-साथ तलाशी अभियान में भी तेजी लाई जा सके।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि सुबह प्रारंभ हुआ अभियान कई घंटों तक चलता रहा और परिस्थितियों का लगातार आकलन किया जाता रहा। पीड़ित परिवार की भावनाओं को देखते हुए शाम के समय पुनः सर्च ऑपरेशन चलाया गया, ताकि तलाश अभियान को और अधिक व्यापक बनाया जा सके।
पूरे अभियान के दौरान नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य लगातार सर्च ऑपरेशन की प्रगति और मौके की स्थिति की जानकारी लेते रहे। वहीं, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी करते रहे तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग करते हुए महिला की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है और अभियान को आवश्यकतानुसार आगे भी जारी रखा जाएगा।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य का वर्जन:—-
“महिला की तलाश के लिए नगर निगम द्वारा व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। लगभग सौ कर्मचारियों की टीम लगातार अभियान में लगी हुई है। अंडरग्राउंड नाले की सफाई, सिल्ट एवं कचरा हटाने सहित सभी आवश्यक संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता महिला का जल्द से जल्द पता लगाना है और इस दिशा में हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।”


