
अप्रैल से जून 2026 के दौरान आगरा मंडल में चलाया गया विशेष अभियान
आगरा। यात्रियों की सुरक्षित, समयबद्ध एवं निर्बाध रेल यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगरा रेल मंडल द्वारा “ऑपरेशन समय पालन” के अंतर्गत अनावश्यक रूप से अलार्म चेन पुलिंग करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अप्रैल 2026 से जून 2026 तक कुल 1188 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अभियोजन की कार्रवाई की गई, साथ ही ₹66,085 का जुर्माना वसूला गया।
मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल के निर्देशन में तथा रेलवे सुरक्षा बल एवं वाणिज्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से यह अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। अनावश्यक चेन पुलिंग के कारण ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था प्रभावित होती है, यात्रियों को असुविधा होती है तथा रेलवे परिचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बिना किसी वैध एवं आपात कारण के अलार्म चेन पुलिंग करना रेलवे अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के साथ आर्थिक दंड भी लगाया जाता है।
जनसंपर्क अधिकारी श्री संजय कुमार गौतम ने बताया कि अलार्म चेन का उपयोग केवल वास्तविक आपात स्थिति में ही करें। अनावश्यक चेन पुलिंग न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित होती है और ट्रेनों की समयबद्धता पर भी असर पड़ता है।


