सनराइज फुटबॉल क्लब और आगरा फुटबॉल अकादमी में होगी खिताबी भिड़ंत

SPORTS उत्तर प्रदेश

आगरा, 04 जुलाई 2026। आगरा रीजन फुटबॉल एसोसिएशन (ARFA) द्वारा आयोजित एम.एस. चौहान मेमोरियल आगरा रीजन मेन्स फुटबॉल लीग 2026-27 के छठे दिन खेले गए दोनों सेमीफाइनल मुकाबले अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक, रोमांचक और उच्च स्तरीय खेल कौशल से परिपूर्ण रहे।

प्रथम सेमीफाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि जे.एस. जरमाया, प्रधानाचार्य, द इंडियन हेरिटेज स्कूल रहे। प्रतियोगिता आयोजन समिति की ओर से कैप्टन रवेंद्र सिंह तोमर ने बैज लगाकर उनका स्वागत किया। इसके पश्चात डी.एफ.ए. आगरा के अध्यक्ष  बिल्लू चौहान ने उन्हें स्मृति शील्ड भेंट कर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें अनुशासन, खेल भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

द्वितीय सेमीफाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि डी.एफ.ए. आगरा के अध्यक्ष बिल्लू चौहान रहे। उन्होंने राघवेन्द्र सिंह चौहान के साथ मैदान पर पहुंचकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए निष्पक्ष एवं उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।

प्रथम सेमीफाइनल में सनराइज फुटबॉल क्लब और थ्राइव फुटबॉल अकादमी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दोनों टीमों ने आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया, किंतु निर्धारित समय की समाप्ति पर सनराइज फुटबॉल क्लब ने 3-2 से जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश सुनिश्चित किया।दूसरे सेमीफाइनल में आगरा फुटबॉल अकादमी ने उत्कृष्ट टीमवर्क और प्रभावशाली प्रदर्शन का परिचय देते हुए यादव फुटबॉल क्लब को 6-1 से पराजित कर फाइनल में स्थान बनाया।

अब प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला सनराइज फुटबॉल क्लब और आगरा फुटबॉल अकादमी के बीच खेला जाएगा। वहीं तीसरे स्थान के लिए यादव फुटबॉल क्लब और थ्राइव फुटबॉल अकादमी आमने-सामने होंगी। दोनों मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं फुटबॉल प्रशंसकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आगरा रीजन फुटबॉल एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। आयोजकों ने सभी खेल प्रेमियों से फाइनल मुकाबले में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

प्रतियोगिता के मैचों का सफल संचालन रेफरी मनोहर सिंह चाहर, परमजीत सिंह ‘पम्मी’, अजय यादव, योगेश वर्मा, बाबर खान एवं अक्षय सिंह ने किया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाओं में अर्चना सिकरवार, उर्वशी सिकरवार, श्रुति जादौन, यशोदा सिंह, किरण कुशवाहा, इलमा, मन्नू यादव, राखी यादव एवं साक्षी यादव सहित समस्त ऑफिशियल टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी पदाधिकारियों, अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों के समन्वित प्रयासों से प्रतियोगिता का आयोजन सफलतापूर्वक एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *