निर्माणाधीन बुद्धा पार्क में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

Press Release उत्तर प्रदेश


—-नगर आयुक्त ने अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण,महिला-पुरुष शौचालय, दिव्यांग सुविधाएं और लाइट फाउंटेन विकसित करने के निर्देश

आगरा। शहरवासियों को बेहतर मनोरंजन और हरित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टेढ़ी बगिया क्षेत्र में विकसित किए जा रहे निर्माणाधीन बुद्धा पार्क का नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी मुख्य अभियंता (निर्माण) अरविंद श्रीवास्तव, अवर अभियंता ललित कुमार अग्रवाल सहित निर्माण विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने पार्क में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न सुविधाओं को समयबद्ध रूप से विकसित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पार्क में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्क में महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक-पृथक शौचालयों का निर्माण कराया जाए। साथ ही दिव्यांगजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से दिव्यांग अनुकूल शौचालय विकसित किए जाएं, जिससे सभी वर्गों के लोग पार्क की सुविधाओं का सहजता से लाभ उठा सकें।
नगर आयुक्त ने पार्क में आने वाले लोगों के लिए स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी सार्वजनिक स्थल की उपयोगिता तभी बढ़ती है जब वहां मूलभूत सुविधाएं बेहतर स्तर पर उपलब्ध हों।
पार्क को आकर्षक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए नगर आयुक्त ने व्यापक स्तर पर पौधारोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फूलदार एवं सजावटी पौधे लगाए जाएं तथा उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पार्क परिसर में अधिक से अधिक हरियाली विकसित करने पर जोर देते हुए इसे शहर के प्रमुख हरित स्थलों में शामिल करने की योजना पर कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पार्क की सुंदरता और आकर्षण बढ़ाने के लिए आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था विकसित करने तथा लाइट फाउंटेन स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों को बताया गया कि पार्क को ऐसा स्वरूप दिया जाए जिससे यह सुबह-शाम भ्रमण करने वालों के साथ-साथ परिवारों और बच्चों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सके।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का प्राथमिकता के आधार पर अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रगति से समय-समय पर उन्हें अवगत कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुद्धा पार्क के विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
नगर निगम के इस प्रयास से टेढ़ी बगिया क्षेत्र में एक आधुनिक, सुविधायुक्त और हरित पार्क विकसित होने की उम्मीद है, जो भविष्य में स्थानीय नागरिकों के लिए प्रमुख मनोरंजन एवं पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *