एनयूजेआई के सम्मेलन में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा, ब्यूज को न्यूज नहीं बनाना चाहिए

Press Release उत्तर प्रदेश

 

कुछ पत्रकारों को पहले मुख्यमंत्री आवास पर भी बेरोकटोक जाने तक की इजाजत थीः प्रो. एसपी सिंह बघेल

आगरा,6  जून। ब्यूज को न्यूज नहीं बनाना चाहिए। ये कहना है उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय का। वे आज यहां अंबेडकर विश्वविद्यालय के जेपी सभागार में नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स आफ इंडिया ( एनयूजेआई) के राष्ट्रीय सम्मेलन एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस तरह  मंथन होता रहना चाहिये। श्री उपाध्याय ने कहा कि पत्रकारों की जो भी समस्या है, उसके निदान के लिये मैं खड़ा हूं। साथ ही उन्होंने नसीहत भी दी कि मीडिया को झूठ नहीं फैलाना चाहिये। उन्होंने कहा कि यहां तो सोशल मीडिया नहीं बल्कि प्रिंट मीडिया झूठी खबर छाप रहा है। हालांकि उन्होंने किसी अखबार का नाम नहीं लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि चौथा स्तंभ बहुत मजबूत था लेकिन अब नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि पत्रकार शिक्षित तो होते ही हैं, उन्हें संगठित होना है। श्री बघेल ने तमाम वृतांत सुनाये कि पहले कुछ पत्रकारों का बहुत सम्मान था, मुख्यमंत्री आवास पर उनको सीधे बेरोकटोक प्रवेश की इजाजत थी।

संयोजक प्रमोद तिवारी ने कहा कि पत्रकार सुरक्षा बिल को लेकर हम लोग काफी समय से प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल से अनुरोध किया कि वे पत्रकारों के इस मुद्दे को केंद्र सरकार के स्तर पर उठायें। इसके पश्चात श्री बघेल को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे रासविहारी ने कहा कि देश में फर्जी पत्रकार बहुत हैं। केंद्र सरकार कोई ऐसा कानून बनाये, जिससे कि इन फर्जी पत्रकारों पर रोक लग सके। उन्होंने कहा कि आज पत्रकार के समक्ष यह समस्या है कि वह पत्रकार है कि नहीं। सोशल मीडिया पर विज्ञापन देते हैं कि वे दो हजार रुपये में पत्रकार बनायेंगे। इस तरह के फर्जीफिकेशन पर रोक लगनी चाहिये।

समारोह में कई राज्यों के पत्रकार भाग लेने के लिये आये हुए हैं। जिनमें एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रासबिहारी,  प्रदीप तिवारी महासचिव एनयूजेआई, कोषाध्यक्ष डा. अरविंद सिंह के अलावा लखनऊ से प्रदेश उपाध्यक्ष गोलेश स्वामी भी शिरकत करने आये हुए हैं। अतिथियों के जाने के पश्चात सम्मेलन में बताया गया कि अगस्त के महीने में जयपुर में हमारे संगठन का विशाल सम्मेलन होगा, जिसमें देश के 24 राज्यों के लगभग दो हजार पत्रकार हिस्सा लेंगे।

सम्मलेन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा रविवार को भी जारी रहेगी। जिसमें पत्रकारों के अधिकारों और सुरक्षा पर विचार विमर्श, संगठनात्मक मजबूती, संगठनात्मक चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा होगी। कल  मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य होंगे। वे सात जून को सुबह लखनऊ से हेलीकाप्टर द्वारा चलेंगे और  सुबह 11 बजे खेरिया सिविल एयरपोर्ट पर उतरेंगे। वहां से कार द्वारा 11.15 बजे जेपी सभागार डा. भीमराव अंबेडकर विवि खंदारी कैंपस पहुंचेंगे। जहां नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स आफ इंडिया के राष्ट्रीय सम्मेलन के मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। स्थानीय स्तर के आयोजकों में एनयूजेआई के जिलाध्यक्ष केपी सिंह, महासचिव दिलीप सुराना मौजूद थे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *