
आगरा। नगर निगम के स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत हरीपर्वत जोन के वार्ड संख्या 91 स्थित शनिदेव मंदिर क्षेत्र के कॉमर्शियल एरिया में सोमवार आज एंटी प्लास्टिक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का संचालन एस.एफ.आई. रचना गुप्ता के निर्देशन में सहयोगी संस्था म्यूज़ फाउंडेशन की टीम द्वारा किया गया।
अभियान के दौरान टीम सदस्यों ने क्षेत्र के दुकानदारों से संवाद स्थापित कर उन्हें एकल उपयोग वाली प्लास्टिक और पॉलीथिन के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। दुकानदारों को बताया गया कि प्लास्टिक प्रदूषण पर्यावरण, जल स्रोतों और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। इसके विकल्प के रूप में कपड़े और जूट से बने थैलों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की गई।
टीम ने व्यापारियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के महत्व से भी अवगत कराया। उन्हें गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए दो डस्टबिन रखने की सलाह दी गई, ताकि कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण में आसानी हो सके। साथ ही दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों और आसपास के क्षेत्र में नियमित सफाई बनाए रखने तथा स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। लोगों को यह भी बताया कि प्लास्टिक मुक्त वातावरण और स्वच्छ बाजार क्षेत्र न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि शहर की सुंदरता और नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए भी आवश्यक हैं। स्थानीय व्यापारियों ने अभियान का स्वागत करते हुए प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और स्वच्छता संबंधी सुझावों का पालन करने का भरोसा दिया।
इस अवसर पर टीम ने क्षेत्रवासियों और व्यापारियों से नगर निगम के स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा प्लास्टिक मुक्त आगरा के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।


