स्वच्छ सर्वेक्षण के प्रयासों को बट्टा लगा ने पर दस हजार का जुर्माना ठोंका

Press Release उत्तर प्रदेश

—— सड़क पर बालू-ईंट डालना पड़ा महंगा, कार्रवाई के दौरान हुई तीखी नोंकझोंक

आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर को नंबर वन बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन लगातार अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है। इसके बावजूद कुछ लोग सड़क किनारे निर्माण सामग्री डालकर नगर निगम के प्रयासों को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है।
इसी क्रम में खेरिया-जगनेर रोड क्षेत्र में सड़क पर निर्माण सामग्री रखकर यातायात और सफाई व्यवस्था बाधित करने वाले व्यक्ति के खिलाफ नगर निगम द्वारा कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर पाया कि आशिष पुत्र मुकेश द्वारा सड़क किनारे बड़े पैमाने पर बालू के ढेर और ईंटों के चट्टे लगाए गए थे, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
नगर निगम अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति पर दस हजार रुपये का जुर्माना लगाया और मौके पर ही जुर्माना राशि वसूल की। कार्रवाई के दौरान नगर निगम अधिकारियों और दूसरे पक्ष के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई, हालांकि टीम ने सख्ती दिखाते हुए अभियान जारी रखा।
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि स्वच्छ सर्वेक्षण को देखते हुए शहर में सफाई व्यवस्था और यातायात को बाधित करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सार्वजनिक सड़कों और नालियों के आसपास निर्माण सामग्री डालने वालों पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्माण सामग्री सार्वजनिक मार्गों पर न रखें और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि आगरा को स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर स्थान दिलाया जा सके।

वर्जन —-
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि “स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए नगर निगम पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। शहर की सफाई व्यवस्था और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण सामग्री रखने वाले लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *