
आगरा। जनगणना कार्य को गति देने और प्रत्येक वार्ड में प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम सदन हाल में सभी जोन के सुपरवाइजरों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर नगर आयुक्त और नगर जनगणना अधिकारी शिशिर कुमार ने की। इस दौरान उपनगर आयुक्त डॉ. सरिता सिंह, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जनगणना कार्य की वर्तमान प्रगति की समीक्षा करते हुए अपर नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सुपरवाइजर अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिदिन फील्ड में जाकर प्रगणकों से गणना कार्य कराएं और कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जिन प्रगणकों और सुपरवाइजरों द्वारा कार्य में रुचि नहीं दिखाई जा रही है, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक के दौरान यह भी कहा गया कि कई स्थानों पर प्रगणकों द्वारा अभी तक ड्यूटी जॉइन नहीं की गई है, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे प्रगणकों और सुपरवाइजरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही गंभीर मानी जाएगी।
अपर नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि सभी सुपरवाइजर अपने अधीन कार्यरत प्रगणकों से प्रतिदिन संपर्क बनाए रखें और क्षेत्रवार प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में समयबद्धता और शत-प्रतिशत सहभागिता आवश्यक है, इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी।
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने भी जनगणना कार्य को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया तथा फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।


