पर्यावरण अभियान- 2026- प्लास्टिक प्रदूषण रोकथाम एवं जागरूकता अभियान चलाया गया

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। मंडल रेल प्रबंधक  गगन गोयल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के उपलक्ष्य में दिनांक 15 मई से 05 जून 2026 तक मंडल स्तर पर व्यापक पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “Climate Change” निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है|

इसी क्रम में आज दिनांक 26.05.2026 को रेलवे परिसर में विक्रेताओं एवं स्टाफ को प्लास्टिक प्रदूषण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान विशेष रूप से दूध एवं अन्य डेयरी उत्पादों की पैकेजिंग थैलियों को आंशिक रूप से काटकर उपयोग करने के संबंध में संवेदनशील बनाया गया, ताकि प्लास्टिक कणों के फैलाव को कम किया जा सके।

अभियान के अंतर्गत स्वच्छता जागरूकता पर भी जोर दिया गया तथा रेलवे स्टेशनों एवं परिसरों में स्वच्छता अभियान को निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त खानपान एवं अन्य सेवाओं से जुड़े सेवा प्रदाताओं एवं आपूर्तिकर्ताओं को वर्जिन प्लास्टिक उत्पादों के स्थान पर पुनर्चक्रित (Recycled) एवं पर्यावरण अनुकूल विकल्पों के उपयोग हेतु प्रोत्साहित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आगरा के निर्देशन में यह अभियान मंडल के सभी स्टेशनों, कार्यालयों, रनिंग रूम, रेलवे कॉलोनियों एवं अन्य रेलवे परिसरों में निरंतर चलाया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों एवं आमजन को पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास तथा मिशन LiFE के सिद्धांतों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त आगामी दिनों में रेलवे कर्मचारियों हेतु कार्यशालाएं, वृक्षारोपण कार्यक्रम, अपशिष्ट प्रबंधन अभियान एवं डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने संबंधी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जा रही है।

आगरा मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “Climate Change” पर संचालित यह अभियान हम सभी के लिए एक सशक्त संदेश है कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के लिए निरंतर प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। आइए, हम सभी मिलकर अपने रेलवे परिसरों को प्लास्टिक मुक्त, स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाएं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ एवं स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *