नगर निगम द्वारा लगाईं जा रही ग्रीन नेट भीषण गर्मी में लोगों को दे रहीं राहत

Press Release उत्तर प्रदेश

—-हीटवेव से राहत देने को शहर में नगर निगम लगा रहा ग्रीन नेट

—– ताजमहल से कैंट स्टेशन तक छांव का इंतजाम, नगर निगम ने तेज की गर्मी से राहत देने को कवायद

आगरा। भीषण गर्मी और लगातार चल रही हीटवेव के बीच पर्यटकों और आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और व्यस्त चौराहों पर ग्रीन नेट लगाने का अभियान तेज कर दिया है। तेज धूप और लू से बचाव के उद्देश्य से यह व्यवस्था की जा रही है, ताकि राहगीरों, यात्रियों और पर्यटकों को कुछ राहत मिल सके।
नगर निगम द्वारा ताजमहल पूर्वी गेट, अमर होटल चौराहा, आगरा कैंट रेलवे स्टेशन तथा नगर निगम परिसर में ग्रीन नेट लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। इन स्थानों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक और आम नागरिक पहुंचते हैं, ऐसे में छांव की व्यवस्था से लोगों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार अगले एक-दो दिनों में आईएसबीटी, पंचकुइया चौराहा, बोधला चौराहा, कारगिल चौराहा तथा जीवनी मंडी चौराहे पर भी ग्रीन नेट लगाने का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके लिए संबंधित टीमों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं और तेजी से कार्य कराया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नगर निगम प्रशासन शहर में लगातार राहत कार्यों पर जोर दे रहा है। पहले ही सड़कों पर पानी का छिड़काव, सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था और हरियाली को बचाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। अब ग्रीन नेट लगाने की पहल को भी लोगों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्य अभियंता ने बताया कि इस बार सुरक्षा कारणों के चलते ट्रैफिक पुलिस द्वारा अनुमति नहीं दिए जाने के कारण एमजी रोड स्थित प्रमुख चौराहों पर ग्रीन नेट नहीं लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जहां अनुमति और तकनीकी स्थिति अनुकूल है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जा रहा है।

नगर आयुक्त का वर्जन—–

नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि भीषण गर्मी के दौरान शहरवासियों और पर्यटकों को अधिकतम राहत उपलब्ध कराई जाए। ग्रीन नेट लगाने के साथ-साथ पेयजल, छिड़काव और जनसुविधाओं से जुड़े अन्य कार्य भी लगातार कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में तापमान को देखते हुए अतिरिक्त राहत व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *