बल्केश्वर पार्क के आसपास चला नगर निगम का बुलडोजर, अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई

स्थानीय समाचार

—— दुकानों के आगे बने टिन शेड ध्वस्त, निगम की औचक कार्रवाई से मचा हड़कंप

आगरा। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को बल्केश्वर पार्क के आसपास नगर निगम की टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। अभियान के दौरान दुकानों के आगे अवैध रूप से लगाए गए टिन शेड और अस्थायी निर्माणों को जेसीबी मशीन की सहायता से ध्वस्त करा दिया गया।

नगर निगम की इस औचक कार्रवाई से क्षेत्र के दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार स्वयं ही अपना सामान हटाते नजर आए। निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों पर कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभियान के दौरान नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने सड़क किनारे फैले सामान को हटवाने के साथ ही दुकानदारों को भविष्य के लिए सख्त चेतावनी भी दी। अधिकारियों ने कहा कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों का सामान जब्त करने के साथ आर्थिक दंड की कार्रवाई भी की जाएगी। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण के कारण आम लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है, साथ ही यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। अभियान का नेतृत्व प्रवर्तन प्रभारी कर्नल राहुल गुप्ता ने किया। उनके साथ प्रवर्तन दल, नगर निगम कर्मचारी और जेसीबी मशीन मौके पर मौजूद रही। निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *