नाली पर पिलर खड़े कर बना डाला तिमंजिला मकान, नगर निगम ने दिया 15 दिन का अल्टीमेटम

Press Release उत्तर प्रदेश

—– राजनगर में ध्वस्त किए अवैध निर्माण नगला बूढ़ी रोड पर मुनादी से मचा हड़कंप

आगरा। नगर निगम ने शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज करते हुए वुधवार को लोहामंडी क्षेत्र समेत कई इलाकों में कार्रवाई की। राजनगर लोहामंडी में नाली के ऊपर पिलर खड़े कर तिमंजिला मकान बनाए जाने की शिकायत पर नगर निगम की टास्कफोर्स ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और निर्माणकर्ता को पंद्रह दिन के भीतर अवैध निर्माण हटाने का अल्टीमेटम दिया।
राजनगर लोहामंडी निवासी जगदीश पुत्र कालीचरण द्वारा सार्वजनिक नाली के ऊपर पिलर खड़े कर तीन मंजिला भवन का निर्माण करा लिया गया था। स्थानीय लोगों की शिकायत पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में निर्माण नहीं हटाया गया तो नगर निगम स्वयं ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा और उसका खर्च भी संबंधित व्यक्ति से वसूला जाएगा।
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने अन्य स्थानों पर किए गए अवैध निर्माणों को भी ध्वस्त कराया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाए गए। निगम अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक भूमि, नालियों और सड़कों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा जीवनी ज्योति अस्पताल से बूढ़ी नगला रोड तक सड़क के दोनों ओर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम द्वारा मुनादी कराई गई। दुकानदारों और स्थानीय लोगों को दो दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है। निगम अधिकारियों ने कहा कि तय समय के बाद अभियान चलाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया जाएगा।
नगर निगम की लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही। कई लोगों ने स्वयं ही अपने अस्थायी अतिक्रमण हटाने शुरू कर दिए। स्थानीय नागरिकों ने निगम की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि नालियों और सड़कों पर कब्जों के कारण जलभराव और यातायात की समस्या लगातार बढ़ रही थी।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहरभर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा सरकारी भूमि और सार्वजनिक सुविधाओं पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *