
रोस्टर तैयार कर की जाए तली झाड़ सफाई, रोस्टर बनाकर पार्षदों को देने के निर्देश
राजामंडी में पेयजल समस्या पर नगर आयुक्त ने मांगी रिपोर्ट, असद गली नाले और ट्रांसफर स्टेशन का किया निरीक्षण
आगरा। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर नालों की सफाई, कूड़ा प्रबंधन और पेयजल व्यवस्था की स्थिति परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए तथा लापरवाही मिलने पर नाराजगी भी जताई।
नगर आयुक्त ने सबसे पहले ताज पूर्वी गेट स्थित असद गली नाले का निरीक्षण किया। यहां नाले में कूड़ा जाने से रोकने के लिए लगाए जाने वाली जाली नहीं पाई गई। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। इस संबंध में क्षेत्रीय एसएफआई मुनीश ने बताया कि स्थानीय नागरिकों के विरोध के कारण जाली हटा दी गई थी। इस पर नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि नागरिकों को समझाते हुए हरित प्राधिकरण के नियमों के अनुरूप पुनः जाली लगाई जाए, ताकि नालों में कूड़ा जाने से रोका जा सके और जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो।
इसके बाद नगर आयुक्त ने ईदगाह नगला छुउआ स्थित ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। ट्रांसफर स्टेशन का सूचना बोर्ड टूटा हुआ मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए उसे तत्काल सही कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी स्थानों पर मूलभूत व्यवस्थाएं दुरुस्त रहनी चाहिए।
वार्ड 83 एवं वार्ड 46 स्थित राजामंडी नाले और अशोक नगर नाले का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने सफाई कार्यों की समीक्षा की। अशोक नगर नाले पर चैन मशीन के माध्यम से सफाई कार्य संचालित होता पाया गया। इस दौरान उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा को निर्देशित किया कि शहर के सभी नालों की सफाई के लिए दिवस एवं तिथिवार रोस्टर तैयार किया जाए तथा इसकी जानकारी संबंधित क्षेत्रीय पार्षदों को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि सफाई कार्यों की नियमित निगरानी हो सके।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद राजेश प्रजापति ने राजामंडी क्षेत्र की कुछ गलियों में पेयजल समस्या से नगर आयुक्त को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि लगभग 40 मीटर लंबी नई पानी की पाइप लाइन डाले जाने से क्षेत्र की समस्या का समाधान हो सकता है। इस पर सहायक अभियंता जलकल आलम ने बताया कि कुछ क्षेत्रों की ऊंचाई अधिक होने के कारण पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है।
नगर आयुक्त ने जलकल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र की वर्तमान पेयजल पाइपलाइन व्यवस्था का परीक्षण किया जाए तथा पानी की आपूर्ति, दबाव और वितरण व्यवस्था की वास्तविक स्थिति की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि स्थायी समाधान निकाला जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, जलकल विभाग के अवर अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


