
आगरा। स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत शहरवासियों को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर निगम की सहयोगी संस्था म्यूज फाउंडेशन द्वारा एक विशेष मोबाइल फ्लैश बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति सजग करना और अधिक से अधिक सिटीजन फीडबैक देने के लिए प्रेरित करना रहा।
रैली का शुभारंभ ऐतिहासिक स्थल आगरा फोर्ट से किया गया। यहां से शुरू होकर यह रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई शहीद पार्क होते हुए संजय प्लेस पहुंची। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में स्वच्छता संबंधी संदेशों वाले बैनर और पोस्टर लेकर लोगों को जागरूक किया। नागरिकों को बताया गया कि स्वच्छ सर्वेक्षण में उनका फीडबैक शहर की रैंकिंग को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर सफाई बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और नगर निगम के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में जोनल स्वच्छता अधिकारी छत्ता आशुतोष वर्मा की उपस्थिति रही। उन्होंने रैली में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। इस अवसर पर फाउंडेशन के सदस्यों एवं नगर निगम टीम ने मिलकर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का संकल्प दोहराया। रैली को लेकर शहरवासियों में भी उत्साह देखने को मिला और कई लोगों ने आगे बढ़कर स्वच्छता अभियान में सहयोग का भरोसा दिलाया।


