“स्वच्छ जोड़ी शहर” पहल के तहत व्यवस्थाओं की समीक्षा,  रनिया नगर पंचायत का नगर निगम के अधिकारियों ने किया निरीक्षण , दिये दिशा निर्देश

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने और आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आगरा नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को रनिया नगर पंचायत कानपुर देहात का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह निरीक्षण “स्वच्छ जोड़ी शहर” पहल के अंतर्गत किया गया, जिसके तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहर अन्य नगर निकायों के साथ अपने अनुभव साझा कर रहे हैं।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में आगरा नगर निगम ने देशभर में 10वां स्थान हासिल किया था और उसे “स्वच्छ प्रॉमिसिंग सिटी” का पुरस्कार भी मिला था। इसी उपलब्धि के आधार पर महुआ( आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय) द्वारा रनिया नगर पंचायत को आगरा के साथ जोड़ा गया है, ताकि यहां भी स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान टीम ने सबसे पहले नगर पंचायत कार्यालय में स्टाफ को स्वच्छ सर्वेक्षण के विभिन्न मानकों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। कर्मचारियों को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, नागरिक सहभागिता और डिजिटल मॉनिटरिंग जैसे अहम बिंदुओं की जानकारी दी गई। टीम ने स्पष्ट किया कि इन मानकों का नियमित पालन ही बेहतर रैंकिंग की कुंजी है।
इसके बाद टीम ने एमआरएफ (मेटेरियल रिकवरी फैसेलिटी) सेंटर का निरीक्षण किया। यहां संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कर्मचारियों को लॉग बुक्स को मानक के अनुरूप तैयार करने और नियमित अपडेट बनाए रखने के निर्देश दिए गए। टीम ने रिकॉर्ड में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में कूड़ा वाहनों के पार्किंग स्थल का भी जायजा लिया गया। टीम ने वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि संचालन में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो। साथ ही बाजार क्षेत्रों में आरसीसी और ट्विन बिन डस्टबिन स्थापित करने पर बल दिया गया, जिससे कचरे का पृथक्करण स्रोत स्तर पर ही किया जा सके।
टीम ने स्वच्छता पोर्टल का भी गहन निरीक्षण किया। पोर्टल पर उपलब्ध डाटा की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार तत्काल कराए गए। अधिकारियों ने डिजिटल रिपोर्टिंग और रियल टाइम मॉनिटरिंग को स्वच्छ सर्वेक्षण में सफलता का अहम आधार बताया।
इस दौरान आगरा नगर निगम की ओर से सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम और ईवाई टीम एक्सपर्ट सुमित सिंह तथा रनिया नगर पंचायत की ओर से अधिशासी अधिकारी मनीष राय एवं उनकी टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई। दौरे के अंत में टीम ने नगर पंचायत के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यदि सभी मानकों का नियमित पालन और जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए, तो रनिया नगर पंचायत स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर स्थान प्राप्त कर सकती है। यह पहल न केवल स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि क्षेत्र में स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *