22 मई से शुरू होगी जनगणना प्रक्रिया, कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिला जनगणना अधिकारी, उपजिलाधिकारी, चार्ज अधिकारी का प्रशिक्षण हुआ संपन्न
15 से 25 अप्रैल तक चलेगा प्रशिक्षण कार्यक्रम,मास्टर्स ट्रेनर्स द्वारा सभी प्रगणकों, सुपरवाइजर को अलग अलग समूहों में तीन दिवसीय दी जाएगी ट्रेनिंग,जिलाधिकारी ने सभी उपजिला मजिस्ट्रेट को स्वयं उपस्थित रहकर गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण संपन्न कराने, प्रशिक्षण के बाद सभी सुपरवाइजर व प्रगणकों की ट्रेनिंग से संबंधित प्रश्न पत्र तैयार कर, परीक्षा कराने के भी दिए निर्देश
आगरा.06.04.2026.आज जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा अपर जिला जनगणना अधिकारी, उपजिलाधिकारी, चार्ज अधिकारी का प्रशिक्षण संपन्न हुआ।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना 2027 के पहले चरण की शुरुआत 22 मई से होगी, इस बार आमजन खुद पोर्टल पर अपनी जानकारी भर सकेंगे। डिजिटल प्रक्रिया के तहत प्रगणक घर-घर जाकर डेटा का सत्यापन करेंगे और पूरी गणना पेपरलेस होगी।
जनपद में जनगणना कार्य हेतु जनगणना- 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 से 25 अप्रैल तक चलेगा,मास्टर्स ट्रेनर्स द्वारा सभी प्रगणकों, सुपरवाइजर को अलग अलग समूहों में तीन दिवसीय ट्रेनिंग दी जाएगी, जिलाधिकारी ने सभी उपजिला मजिस्ट्रेट को स्वयं उपस्थित रहकर गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण के बाद सभी सुपरवाइजर व प्रगणकों की ट्रेनिंग से संबंधित प्रश्नों की परीक्षा कराने के भी निर्देश दिए। सभी प्रशिक्षण तहसील स्तर पर दिया जाएगा।
जनगणना की प्रक्रिया 22 मई से 20 जून तक संचालित की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना के आंकड़े देश के
विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को बनाने,दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए इसे जन-जन की भागीदारी से जोड़कर जन अभियान का रूप देना आवश्यक है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में
किसी प्रकार की बाधा या विसंगति पाए जाने पर, गलत तथ्य देने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध जनगणना अधिनियम के तहत विधिक कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 को जनपद में पूरी तरह
डिजिटल माध्यम से संपादित किया जाएगा। डाटा संग्रहण, प्रविष्टि, सत्यापन और निगरानी का कार्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित हो सके।
07 से 21 मई तक खुला रहेगा स्वगणना पोर्टल:-
अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व/जिला जनगणना अधिकारी ने जनगणना की प्रक्रिया, समय-सीमा और डिजिटल रूपांतरण की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 15 दिन पहले पोर्टल खुलेगा, आमजन स्वयं भी जानकारी भर सकते हैं।जनपद में जनगणना कार्य के लिए लगभग 10527 प्रगणक एवं 1755 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं, जो प्रशासन की निगरानी में कार्य करेंगे। यह कार्य केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयास से पूरा किया जाएगा। इस बार आम नागरिकों के लिए स्व-गणना की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। स्वगणना पोर्टल 07 मई से 21 मई 2026 तक सक्रिय रहेगा, जिस पर नागरिक स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी श्रीमती शुभांगी शुक्ला, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शुभम कुमार,अपर नगरायुक्त श्री शिशिर कुमार, बीएसए जितेंद्र कुमार गोंड,सभी तहसीलों के उपजिला मजिस्ट्रेट,एसीएम सहित सभी संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।


