कुत्ते बिल्लियों के पंजीकरण को नगर निगम चलाएगा अभियान

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। नगर निगम प्रशासन शहर में पालतू कुत्ते और बिल्लियों के पंजीकरण को अभियान चलाएगा। पंजीकरण न कराने वाले कुत्ते व बिल्लियों पर जुर्माना लगाया जाएगा। इसकी जानकारी पशु कल्याण अधिकारी डा. अजय कुमार सिंह ने दी है।
नगर आयुक्त के निर्देशन में नगर निगम की आय बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। इसी क्रम में अब नगर क्षेत्र में पाले जाने वाले कुत्ते व बिल्ल्यिों के रजिस्ट्रेशन के लिए अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। पशु कल्याण अधिकारी के अनुसार एक अनुमान के मुताबिक वर्तमान में अस्सी हजार से अधिक लोगों के पास पालतू कुत्ते व बिल्लियां हैं। इनमें बहुत कम लोगों ने ही इनका रजिस्ट्रेशन नगर निगम में करा रखा है। नगर निगम नियमावली के अनुसार नगर निगम में सभी पालतू जानवरों का रजिस्ट्रेशन जरुरी है। उन्होंने बताया कि देशी नस्ल के कुत्ते पर सौ रुपये और विदेशी नस्ल के कुत्ते के रजिस्ट्रेशन के लिए नगर निगम पांच सौ रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क लेता है। इसके अलावा बिल्ली के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क सौ रुपये निर्धारित किया गया हैे। पहले चरण में इसके लिए जागरुकता अभियान चलाते हुए पेैट क्लीनिक पर आने वाले पशु प्रेमियों को रजिस्ट्रेशन कराने के लिए जागरुक किया जाएगा। इसके उपरांत पैेट क्लीनिकों पर होने वाले पालतू पशुओं के रजिस्ट्रेशन के आधार पर पंजीकरण न कराने वाले पालतू जानवरों से जुर्माना वसूल किया जाएगा। दूसरे चरण में नगर निगम की टीमें डोर टू डोर जाकर पालतू पशुओं के पंजीकरण की जांच करेंगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कुत्ते और बिल्लियों को पालने के लिए नगर निगम में उनका पंजीकरण अवश्य कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *