छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम निर्माण हेतु 75 करोड़ की राशि अवमुक्त, छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम की जनपद आगरा को जल्द मिलेगी सौगात- प्रभारी मंत्री

Press Release उत्तर प्रदेश

प्रत्येक ग्राम पंचायत में मच्छरजनित रोगों से बचाव हेतु स्वास्थ्य व पंचायत राज विभाग अभियान चलाकर दवा का करें छिड़काव,पंचायतों में फॉगिंग मशीन की व्यवस्था हो सुनिश्चित, फोटोग्राफी के साथ हो प्रभावी मॉनीटरिंग-मा0 प्रभारी मंत्री।

आरटीई एक्ट 2009 के अंतर्गत जनपद में एक भी सीट न रहे रिक्त, वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के बच्चों को मिले निजी स्कूलों में बेहतर शिक्षा- मा0 प्रभारी मंत्री।

जनपद प्रभारी मंत्री व जनपद के जनप्रतिनिधिगणों द्वारा सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित नव निर्माण के 09 वर्ष विकास पुस्तिका का किया गया विमोचन।

आगरा. 30.03.2026/आज मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग व जनपद प्रभारी मंत्री श्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में जनपद के विकास कार्यों तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक नवीन सर्किट हाउस सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सर्वप्रथम प्रभारी मंत्री महोदय द्वारा अनुपस्थित अधिकारियों के बारे में जानकारी ली गई, जिसमें अधिशासी अभियंता सिंचाई व अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी (निर्माण खण्ड भवन) के बैठक से अनुपस्थित मिले, जिस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई तथा स्पष्टीकरण तलब करने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस विभाग की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि हाल ही में गोबर चौकी क्षेत्र में घटित दुखद घटना में 08 वर्षीय बेटी के प्रकरण में पुलिस द्वारा तत्परता से की गई कार्यवाही की मा0 प्रभारी मंत्री जी ने सराहना की,मा0 जनप्रतिनिधिगणों द्वारा जनपद में बिना नम्बर के डम्परों द्वारा खनन की समस्या से अवगत कराया गया, जिस पर अपर पुलिस आयुक्त महोदय ने बताया कि विगत दिनों बिना नम्बर के डम्परों के विरूद्ध सफल अभियान संचालित किया गया था, पुलिस व जिला प्रशासन के समन्वय से कमेटी बनाकर बिना नम्बर के डम्परों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही संचालित की जायेगी। बैठक में पीडब्ल्यूडी विभाग को सड़क की पटरी निर्माण आदि हेतु मिट्टी की आवश्यकता पूर्ति के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग को मिट्टी उठान हेतु अनुमति प्रदान की जायेगी,मा0 प्रभारी मंत्री महोदय ने किसानों को भी निजी कार्य हेतु सुगमता पूर्वक मिट्टी उठान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आईजीआरएस फीडबैक के आधार पर सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले अधिशासी अभियंता सिंचाई, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड, बाह, मुख्य चिकित्साधीक्षक जिला चिकित्सालय, आदि को कड़ी चेतावली दी गई तथा शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा शिकायतकर्ता के संतुष्टि स्तर पर प्रभावी कार्य करने के कड़े निर्देश दिए। बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जनपद में सभी अस्पतालों में दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराने तथा शहर के साथ सभी ग्राम पंचायतों में भी मच्छरजनित रोगों से बचाव हेतु अभियान चलाकर दवा का छिड़काव करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी को सभी पंचायतों में फागिंग मशीन की व्यवस्था सुनिश्चित कर स्वास्थ्य विभाग से समन्वय के साथ उक्त कार्य हेतु रोस्टर जारी कर तथा दवा छिड़काव के उक्त रोस्टर/माइक्रो प्लान से जनप्रतिनिधियों को सूचित कराने एवं समग्र अभियान की फोटोग्राफी के माध्यम से मॉनीटरिंग के निर्देश दिए तथा सभी ग्राम पंचायतों में सूखा कूड़ा व गीला कूड़ा हेतु बनाये गये आरसीसी सेन्टर की प्रभावि व्यवस्था को सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में पशुपालन विभाग की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि जनपद में 26486 निराश्रित गौवंश संरक्षित हैं, मा0 प्रभारी मंत्री महोदय ने सीवीओ से जनपद में संरक्षित गोआश्रय स्थलों से अलग खुले में घूम रहे निराश्रित गौवंश को भी संरक्षित करने की कार्ययोजना तलब की, जिसमें बताया गया कि यीडा द्वारा ग्राम धौरऊ में लगभग 6000 की क्षमतायुक्त 13 शेड, वृहद गौसंरक्षण केन्द्र कुछ ही दिनों में तैयार हो जायेगा,जिसमें जनपद में खुले में घूम रहे निराश्रित गौवंश का भी संरक्षण सुनिश्चित किया जायेगा। बैठक में विद्युत विभाग की समीक्षा में आईजीआरएस के फीडबैक में खराब प्रदर्शन करने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई तथा सम्बन्धित का उत्तरदायित्व तय करते हुए कार्यवाही के निर्देश दिए। बैठक में स्मार्ट मीटर की समीक्षा में स्कोर रीडिंग/मीटर रीडर की आ रही शिकायतों की प्रभावी जांच करने, दोषी के विरूद्ध मुकद्मा लिखने तथा जिम्मेदार अधिकारी की सस्पेंड की कार्यवाही करने तथा स्मार्ट मीटर के बारे में पम्पलेट तथा अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कर आमजन में जनजागरूकता के निर्देश दिए, मा0 प्रभारी मंत्री जी ने कहा कि जांच में स्कोर रीडिंग/मीटर रीडर में कमी मिलने पर सम्बन्धित कम्पनी के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
बैठक में बेसिक शिक्षा की समीक्षा की गई, जिसमें शिक्षा का अधिकार (आरटीई) एक्ट 2009 के अंतर्गत निजी स्कूलों में वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के सभी चयनित बच्चों का प्रवेश सुनिश्चित किया जाए, मा0 प्रभारी मंत्री जी ने निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के बच्चों को निजी स्कूलों में शिक्षा हेतु प्रयास कर रही है,उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आरटीई एक्ट 2009 के अंतर्गत जनपद में एक भी सीट रिक्त न रहे। बैठक में निजी स्कूलों के सामने वाहन खड़े होने से सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था में बाधा उत्पन्न होने की शिकायत पर मा0 जनपद प्रभारी मंत्री जी ने सम्बन्धित को निर्देश दिए कि सभी स्कूलों को अपनी पार्किंग की सुविधा विकसित करने तथा रूट के अनुसार रूट चार्ट बनाकर स्कूलों में छुट्टी का समय अन्तराल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद में नवीन राजकीय महाविद्यालयों, पॉलीटेक्निक में आवश्यकता अनुसार स्टाफ की नियुक्ति हेतु शासन से पत्र व्यवहार करने तथा जनपद की विभन्न नहरों व रजवाहों की सफाई सम्बन्धी प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में मा0 जनप्रतिनिधियों द्वारा जिला जेल में मसक्कत के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत पर, जिला जेल अधीक्षक ने बताया कि उक्त शिकायतें निराधार हैं, जिला जेल में बन्दियों की गतिविधियों की निगरानी एवं पारदर्शिता के दृष्टिगत पूर्व में 60 सीसीटीवी कैमरे के साथ 32 नग सीसीटीवी कैमरे और लगवाये गये हैं, जिसमें बन्दियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाती है, प्रत्येक सर्किल में शिकायत पेटिका की व्यवस्था है, प्राप्त शिकायतों का उच्च स्तर पर निस्तारण किया जाता है, सभी प्रमुख स्थानों पर वरिष्ठ जेल अधिकारियों के मोबाइल नम्बर लिखवाये गये हैं, किसी भी सीसीटीवी, शिकायत पेटिका तथा बन्दियों के परिजनों ने इस प्रकार की शिकायत को संज्ञान में नहीं लाया गया है, जो बन्दी स्वेच्छा से श्रम करते हैं, उन्हें श्रम के बदले निर्धारित दर पर पारिश्रमिक का भुगतान किया जाता है।
बैठक में पर्यटन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि ब्लॉक बरौली अहीर के ग्राम इटौरा में स्थित कैला माता मन्दिर के पर्यटन विकास हेतु रू0 98.69 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसमें प्रथम किश्त 60 लाख, ब्लॉक अकोला के नगला बीच स्थित सीतल कुण्ड धाम मन्दिर हेतु 103.9 स्वीकृत राशि में प्रथम किश्त 65 लाख, एत्मादपुर स्थित आदिनाथ, भरत, बाहुबली त्रिमूर्ति जैन मन्दिर हेतु 105.76 स्वीकृत राशि में प्रथम किश्त 50 लाख, फतेहाबाद के पैंतीखेड़ा, ग्राम पिपरी स्थित सती माता मन्दिर हेतु 104.24 लाख में से प्रथम किश्त 65 लाख, कैंट स्थित प्रचीन राजेश्वर महादेव मन्दिर हेतु 142.39 लाख स्वीकृत राशि में प्रथम किश्त 107 लाख, फतेहाबाद के मेवली खुर्द शिव मन्दिर हेतु 88 लाख स्वीकृत राशि में प्रथम किश्त 77.25 लाख की राशि अवमुक्त की गई है। मा0 मंत्री जी ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम निर्माण हेतु 75 करोड़ की राशि अवमुक्त की गई है, जल्द ही भव्य रूप में छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम की जनपद आगरा को सौगात मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनपद आगरा में कैलाश मन्दिर, बटेश्वर मन्दिर, सौरीपुर मन्दिर सहित अनेक पर्यटन विकास के कार्य प्रगति पर हैं। बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण तथा शहरी), आगरा मैट्रो, जल निगम, पीडब्ल्यूडी, खाद्य व रशद विभाग, कृषि, वृहद निर्माण कार्य इत्यादि की विस्तार से समीक्षा कर निर्देश दिए गये।
तत्पश्चात मा0 जनपद प्रभारी मंत्री महोदय द्वारा जनपद के मा0 जनप्रतिनिधिगणों के साथ सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में नव निर्माण के 09 वर्ष विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया तथा पत्रकार वार्ता की गई।
बैठक में मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष डा0 मंजू भदौरिया, मा0 विधायक श्रीमती रानी पक्षालिका सिंह, डा0 जीएस धर्मेश जी, श्री पुरूषोत्तम खण्डेलवालजी, चौधरी बाबूलाल जी, डा0 धर्मपाल सिंह जी, श्री भगवान सिंह कुशवाहा जी, श्री छोटेलाल वर्मा जी, मा0 एमएलसी श्री विजय शिवहरे जी व श्री आकाश अग्रवाल जी, जिला अध्यक्ष भाजपा श्री प्रशान्त पौनियां, महानगर अध्यक्ष श्री राजकुमार गुप्ता जी, मा0 मंत्री महिला बाल विकास श्रीमती बेबीरानी मौर्य जी के प्रतिनिधि श्री यशपाल राणा, मा0 सांसद फतेहपुर सीकरी के प्रतिनिधि श्री सतेन्द्र यादव, जिलाधिकारी श्री अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, अपर पुलिस आयुक्त श्री रामबदन सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती प्रतिभा सिंह, नगर आयुक्त श्री अंकित खण्डेलवाल, सीएमओ डा0 अरूण श्रीवास्तव सहित जनपद के सभी अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *