
—– संकरी गलियों सेंड स्प्रे और खुले स्थानों पर 24 मशीनें और 14 बड़े वाहनों से हो रहा छिड़काव
आगरा। शहर में मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए नगर निगम ने व्यापक स्तर पर अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में निगम द्वारा रोस्टर तैयार कर विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है।
बुधवार को नगर निगम की टीमों ने महादेव नगर, मोहनपुरा, मुस्तफा क्वार्टर, रावतपाड़ा, ढोलीखार, राजनगर, घटवासन, जटपुरा, नगला पंथी, रामनगर और जगदीश पुरा पश्चिमी आदि क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इन क्षेत्रों में सुबह के समय एंटी लार्वा का छिड़काव किया गया, जबकि शाम को सूर्यास्त के बाद मैलाथियान दवा से फॉगिंग कराई गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएफआई संजीव यादव ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम द्वारा संकरी गलियों तक विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जहां बड़ी मशीनें नहीं पहुंच पातीं, वहां हैंड स्प्रे का उपयोग कर एंटी लार्वा का छिड़काव सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पूरे अभियान में 24 छोटी मशीनों और 14 बड़े वाहनों की मदद ली जा रही है, जिससे शहर के अधिकतम क्षेत्रों को कवर किया जा सके। निगम का लक्ष्य है कि मच्छरों के प्रजनन को शुरुआती स्तर पर ही रोककर डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा स्वच्छता बनाए रखें, ताकि इस अभियान को सफल बनाया जा सके।


