आगरा। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप गृह कर वसूली न करने पर नगर निगम प्रशासन ने तीन कर संग्रहकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। खराब प्रदर्शन के चलते इनके खिलाफ विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने की संस्तुति की गई है।
कर संग्रह को लेकर 12 मार्च को आयोजित समीक्षा बैठक में ताजगंज और लोहामंडी जोन के कर संग्रहकर्ताओं के कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान ताजगंज जोन में तैनात कर संग्रहकर्ता वीरेंद्र चंदेल, लोहामंडी जोन के कर संग्रहकर्ता शैलेन्द्र राठौर और ताजगंज जोन के ही कर संग्रहकर्ता सलीम का प्रदर्शन सबसे खराब पाया गया।
सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी कर श्रद्धा पांडेय ने बताया कि अप्रैल माह से लेकर 12 मार्च तक कर संग्रह के लिए निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष लगभग 94 प्रतिशत वसूली किया जाना अपेक्षित था, लेकिन इन तीनों कर संग्रहकर्ताओं द्वारा लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं की जा सकी।
उन्होंने बताया कि कर संग्रहकर्ता वीरेंद्र चंदेल अब तक केवल 20.31 प्रतिशत, शैलेन्द्र राठौर 26.86 प्रतिशत और कर संग्रहकर्ता सलीम मात्र 17.39 प्रतिशत ही गृहकर की वसूली कर पाए हैं। जबकि विभागीय लक्ष्य के अनुसार वीरेंद्र चंदेल को प्रतिदिन लगभग 6.38 लाख रुपये, शैलेन्द्र राठौर को 16.06 लाख रुपये तथा कर संग्रहकर्ता सलीम को प्रतिदिन 6.14 लाख रुपये के हिसाब से गृहकर वसूलना था।
कम वसूली को लेकर तीनों कर संग्रहकर्ताओं को समय-समय पर नोटिस भी जारी किए गए थे और कार्य प्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद उनके प्रदर्शन में कोई संतोषजनक सुधार नहीं देखा गया।
इसी को देखते हुए सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी कर श्रद्धा पांडेय द्वारा तीनों कर संग्रहकर्ताओं के खिलाफ नगर आयुक्त को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने की संस्तुति की गई है।
नगर आयुक्त का वर्जन:——
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि कर वसूली नगर निगम के राजस्व का महत्वपूर्ण स्रोत है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन कर संग्रहकर्ताओं का प्रदर्शन खराब पाया गया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और सभी कर्मियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।


