शहर में रेड-स्पॉट रोकने की मुहिम, दुकानदारों को किया जागरूक

Press Release उत्तर प्रदेश


आगरा। नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को लोहामंडी जोन के वार्ड 46 स्थित अशोक नगर क्षेत्र में एंटी प्लास्टिक व रेड-स्पॉट अवेयरनेस अभियान चलाया गया।
यह अभियान जेडएसओ महेंद्र सिंह और एसएफआई मुनेश कुमार के निर्देश पर संचालित किया गया। अभियान में नगर निगम की सहयोगी संस्था म्यूज फाउंडेशन की टीम ने क्षेत्र के व्यावसायिक इलाकों में शॉप-टू-शॉप जाकर दुकानदारों और ठेला संचालकों को स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त शहर के लिए जागरूक किया।
टीम ने दुकानदारों से अपनी दुकानों पर गीले और सूखे कचरे के लिए दो-दो डस्टबिन रखने की अपील की। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने और उसकी जगह कपड़े या अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।
अभियान के दौरान लोगों को शहर में बन रहे रेड स्पॉट के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि सार्वजनिक स्थानों, डिवाइडरों और सड़कों पर गुटखा या पान थूकने से रेड स्पॉट बनते हैं, जिससे शहर की सुंदरता और स्वच्छता रैंकिंग पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। टीम ने दुकानदारों से अपनी दुकानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और ग्राहकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *