आप देश का नुकसान कर रहे हैं… प्रिविलेज मोशन के सवाल पर भड़के राहुल गांधी, पत्रकारों को दी ‘निष्पक्षता’ की नसीहत

National

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और मीडिया के बीच गुरुवार को उस समय तीखी बहस देखने को मिली, जब उनसे उनके खिलाफ लाए जा रहे प्रिविलेज मोशन (विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव) को लेकर सवाल पूछा गया। राहुल गांधी ने पत्रकारों के सवाल का जवाब देने के बजाय उन पर ही निशाना साधते हुए कहा कि मीडिया को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए निष्पक्ष (Objective) होना चाहिए।

मीडिया पर बरसे राहुल गांधी

राहुल गांधी ने पत्रकारों से कहा, “आप पूरी तरह से बीजेपी के लिए काम नहीं करते हैं। कम से कम थोड़ा निष्पक्ष होकर रिपोर्टिंग करने की कोशिश करें। यह वाकई शर्मनाक हो जाता है। आप जिम्मेदार लोग हैं, हर दिन उनके (बीजेपी) दिए गए एक शब्द को लेकर आप अपना शो नहीं चला सकते। आप इस देश का नुकसान कर रहे हैं।”

बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे का हमला

​दूसरी ओर, बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने लोकसभा में एक स्वतंत्र प्रस्ताव लाने का नोटिस दिया है, जिसमें उन्होंने राहुल गांधी की सदन की सदस्यता रद्द करने और उन पर आजीवन चुनाव लड़ने का प्रतिबंध लगाने की मांग की है। दुबे का आरोप है कि राहुल गांधी विदेश यात्राओं के दौरान भारत विरोधी तत्वों और सोरोस फाउंडेशन जैसी संस्थाओं के साथ मिलकर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल रहते हैं।

क्या है पूरा विवाद?

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पहले ही संकेत दे दिया था कि सदन को गुमराह करने और बेबुनियाद बयान देने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ प्रिविलेज मोशन लाया जाएगा। निशिकांत दुबे ने स्पष्ट किया कि उन्होंने विशेषाधिकार हनन नोटिस नहीं, बल्कि एक विशिष्ट प्रस्ताव (Substantive Motion) दिया है। उन्होंने कहा, “मैं नियमों की हत्या करने वाला नहीं हूं। मैंने विस्तार से बताया है कि कैसे वह विदेश जाकर देश की छवि खराब करते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *