ताज नगरी की सड़कों पर दौड़ा जोश: आगरा हाफ मैराथन में ढाई हजार धावकों ने रचा इतिहास, ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ स्वागत

Press Release

आगरा: ताजनगरी की रविवार की सुबह जोश और उमंग से भरी रही। आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन, एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘आगरा ताज हाफ मैराथन’ में देश-विदेश के 2500 से अधिक धावकों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता के पुरुष और महिला वर्ग में कुल 90 विजेताओं को नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

भव्य शुरुआत और फिटनेस का संदेश

डीआईजी पुलिस शैलेश पांडेय और एडिशनल कमिश्नर रामबदन सिंह ने ढोल-नगाड़ों और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के बीच मैराथन को फ्लैग ऑफ किया। इस दौड़ की खास बात यह रही कि 300 से अधिक चिकित्सकों और खुद एडिशनल पुलिस कमिश्नर रामबदन सिंह ने भी दौड़कर शहरवासियों को फिटनेस का संदेश दिया।

इन रास्तों पर दिखा उत्सव जैसा नजारा

यह मैराथन 21 किमी, 10 किमी और 5 किमी के तीन प्रारूपों में आयोजित की गई। धावकों का कारवां एकलव्य स्टेडियम से शुरू होकर क्लब चौराहा, तारघर, हाथी घाट, पुरानी मंडी और टीडीआई मॉल होते हुए वापस स्टेडियम पहुँचा। पूरे रूट पर संगीत और उत्साह का माहौल रहा।

सफल आयोजन के पीछे की टीम

मैराथन की व्यवस्थाओं को डॉ. आवेग मित्तल, एनएस लोधी और गोपाल शर्मा सहित पूरी टीम ने बखूबी संभाला। संस्था के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल, संदीप ढल और डॉ. संजय गुप्ता ने जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग की सराहना करते हुए इसे आगरा की खेल संस्कृति के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *