शादी के 9 महीने बाद भी पति ने नहीं बनाए संबंध, पत्नी ने खोला राज, ससुराल वालों ने दी ‘देवर’ के साथ रहने की सलाह, महिला ने दर्ज कराई FIR

Crime

आगरा। ताजनगरी के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र से वैवाहिक धोखाधड़ी और उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक 28 वर्षीय विवाहिता ने अपने दिल्ली निवासी पति पर शादी के 9 महीने बाद भी शारीरिक संबंध न बनाने (Impotency) और ससुराल पक्ष पर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति, देवर और सास-ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

​मनाली में भी तबीयत का बहाना

पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 29 अप्रैल 2025 को धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद जब दोनों हनीमून के लिए मनाली गए, तब भी पति शारीरिक संबंध बनाने से कतराता रहा और तबीयत खराब होने का बहाना बनाता रहा। घर लौटने पर जब महिला ने डॉक्टर से इलाज कराने की बात कही, तो पति भड़क गया और विवाद करने लगा।

ससुराल वालों का शर्मनाक तर्क

महिला का सबसे चौंकाने वाला आरोप यह है कि जब उसने अपनी व्यथा सास-ससुर को बताई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि उनका बेटा संबंध बनाने में असमर्थ है। आरोप के मुताबिक, ससुराल वालों ने यहाँ तक कह दिया कि “छोटा बेटा कुंवारा है, उसी से वंश आगे बढ़ेगा।” इसके बाद देवर ने पीड़िता के कमरे में घुसकर अश्लील हरकतें शुरू कर दीं।विरोध करने पर पीड़िता को ही डराया-धमकाया गया।

50 लाख की शादी और लॉकर से चोरी

पीड़िता के मायके पक्ष ने शादी में करीब 50 लाख रुपये खर्च किए थे, जिसमें 25 लाख नकद और भारी मात्रा में जेवर शामिल थे। महिला का आरोप है कि पति ने धोखे से उसके बैंक लॉकर से जेवर निकाल लिए और 2 जनवरी को जब उसे बैंक से मैसेज मिला, तब उसे इस चोरी का पता चला। विरोध करने पर उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद उसने मायके आकर पुलिस की शरण ली।

​पुलिस कार्रवाई

पीड़िता ने जगदीशपुरा थाने में पति, देवर और ससुराल पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *