
आगरा । नगर निगम द्वारा स्वच्छ शहर की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में म्युज स्टडी एजुकेशन सोसाइटी की टीम ने नगर निगम के सहयोग से ताजगंज जोन के वार्ड संख्या 45 में आज ताज ईस्ट गेट पार्किंग क्षेत्र में यलो और रेड स्पॉट रिमूवल अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान टीम द्वारा लंबे समय से बने रेड और यलो स्पॉट को पूरी तरह समाप्त किया गया, जिससे क्षेत्र में फैली गंदगी और दुर्गंध से निजात मिल सकी। सफाई कार्य के साथ-साथ टीम ने वहां आने-जाने वाले राहगीरों एवं देश-विदेश से आए पर्यटकों को खुले में मूत्र त्याग न करने और पान मसाला न थूकने के लिए जागरूक किया। टीम सदस्यों ने लोगों को समझाया कि नगर निगम द्वारा सार्वजनिक सुविधा के लिए बनाए गए यूरिनल का ही उपयोग करें, जिससे शहर की स्वच्छता बनी रहे और ताजमहल जैसे विश्व धरोहर क्षेत्र की छवि खराब न हो। लोगों से अपील की गई कि वे स्वच्छता को अपनी आदत में शामिल करें और शहर को साफ रखने में सहयोग दें। अभियान में म्युज स्टडी एजुकेशन सोसाइटी के टीम सदस्य मुकेश कुमार, देवेश, गोविंद, अमर, अमन और बबलू सक्रिय रूप से मौजूद रहे। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने इस पहल की सराहना की और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प भी लिया।


