आगरा। भारतीय रेल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सरल, त्वरित एवं पारदर्शी टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर आधुनिक तकनीकों को अपनाया जा रहा है। इसी क्रम में आगरा मण्डल द्वारा यात्रियों को स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) के माध्यम से टिकट लेने में प्रत्यक्ष सहायता प्रदान करने हेतु ATVM फैसिलिटेटरों के इंगेजमेंट की प्रक्रिया सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से क्रियान्वित की जा रही है। यह पहल न केवल डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूती प्रदान करती है, बल्कि भारतीय रेल की यात्री-केंद्रित सोच को भी स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
आगरा मण्डल के अंतर्गत यह महत्वपूर्ण योजना कुल 09 प्रमुख रेलवे स्टेशनों- आगरा छावनी, मथुरा जं०, आगरा किला, राजा की मंडी, धौलपुर, ईदगाह, कोसी कलाँ, भूतेश्वर एवं खेरली – पर लागू की गई है। इन स्टेशनों का चयन यात्रियों की अधिक संख्या, क्षेत्रीय महत्त्व तथा परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को इस सुविधा का सीधा लाभ मिल सके।
उक्त स्टेशनों पर यात्रियों को ATVM के उपयोग हेतु मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने के लिए ATVM फैसिलिटेटरों के इंगेजमेंट हेतु अधिसूचना जारी की गई थी तथा प्राप्त सभी आवेदनों की गहन जांच, दस्तावेज़ सत्यापन एवं पात्रता परीक्षण के उपरांत कुल 20 आवेदकों को पूर्णतः योग्य एवं उपयुक्त पाया गया है। योग्य पाए गए 20 आवेदकों को इंगेजमेंट करने हेतु लेटर ऑफ अवॉर्ड जारी किया जा रहा है।
ATVM फैसिलिटेटरों की तैनाती से यात्रियों को टिकट क्रय की प्रक्रिया में सरलता, तेज़ी एवं सुविधा प्राप्त होगी। इससे टिकट काउंटरों पर भीड़ में कमी आएगी, प्रतीक्षा समय घटेगा तथा स्टेशनों की कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित एवं सुचारु होगी। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिकों, महिला यात्रियों, दिव्यांगजनों एवं डिजिटल तकनीक से कम परिचित यात्रियों को विशेष रूप से लाभ प्राप्त होगा, जिन्हें मशीन के उपयोग में प्रत्यक्ष मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है, क्योंकि डिजिटल टिकटिंग के माध्यम से काग़ज़ की खपत में कमी आएगी। साथ ही, नकद लेन-देन में कमी आने से टिकटिंग प्रणाली अधिक सुरक्षित, पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार-मुक्त बनेगी।
आगरा मण्डल यात्रियों की सुविधा, सेवा गुणवत्ता में सुधार, आधुनिक तकनीकों के अधिकतम उपयोग तथा रेलवे सेवाओं को और अधिक यात्री-अनुकूल बनाने हेतु निरंतर प्रयासरत है। भविष्य में भी आगरा मण्डल द्वारा इस प्रकार की जनहितैषी, तकनीक-आधारित एवं नवोन्मेषी पहलों को आगे बढ़ाया जाता रहेगा, जिससे यात्रियों को एक बेहतर, सुरक्षित एवं संतोषजनक यात्रा अनुभव प्रदान किया जा सके।
