ग्रेप के बीच नगर निगम सख्त, मधुनगर में वायु प्रदूषण और अतिक्रमण पर 20 हजार का जुर्माना

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। शहर में लागू ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के तहत वायु प्रदूषण और अतिक्रमण पर नगर निगम प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में सोमवार को मधुनगर फेस-2 क्षेत्र में प्रवर्तन दल द्वारा दो अलग-अलग मामलों में कुल 20 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।
नगर निगम की टीम ने निरीक्षण के दौरान मुकेश कुमार तोमर पुत्र शोदान सिंह तोमर को रोड पर सीएनडी (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन) वेस्ट डालते हुए पकड़ा। इससे वायु प्रदूषण फैलने के साथ ही यातायात भी बाधित हो रहा था। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित व्यक्ति पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में राकेश गुप्ता द्वारा सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया। नगर निगम नियमों के तहत इसे गंभीर उल्लंघन मानते हुए उन पर भी 10 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। दोनों मामलों में कुल 20 हजार रुपये की धनराशि मौके पर ही वसूल की गई।

कार्रवाई के दौरान मौके पर डॉ. अजय कुमार (प्रभारी अतिक्रमण), कर्नल राहुल कुमार गुप्ता (प्रभारी प्रवर्तन दल), जेड एस ओ ताजगंज महेंद्र सिंह, एस एफआई मलखान सिंह सहित नगर निगम का प्रवर्तन दल मौजूद रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ग्रेप लागू होने के कारण शहर में किसी भी तरह का अतिक्रमण या सीएनडी वेस्ट खुले में डालना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
नगर निगम प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शहर को प्रदूषण मुक्त रखने में सहयोग करें और नियमों का पालन करें। आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *