300 सफाईकर्मी, आधा दर्जन जेसीबी , ट्रिपर ट्रक और एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर का उपयोग और कचरा साफ़
करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि पर सरकारी प्रोजेक्ट की तैयारी, जल्द कराई जाएगी मैदान की बाउंड्री वॉल
आगरा। खेरिया मोड़ स्थित मैदान में नगर निगम द्वारा एक विशाल महासफ़ाई अभियान चलाया गया, जिसने पूरे इलाके की तस्वीर बदल दी। अभियान में क्षेत्रीय पार्षद इंद्रपाल ,अजीत नगर बाजार कमेटी का सराहनीय सहयोग रहा। सहायक नगरआयुक्त अशोक प्रिय गौतम के नेतृत्व में नगर निगम के सैकड़ों कर्मचारी अल सुबह पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में उतरे। कुछ ही घंटों में नगर निगम कर्मचारियों ने कचरे से अटे मैदान की सूरत बदल दी।
महासफ़ाई अभियान में सभी जोन के जेड एस ओ और एस एफआई भी मौजूद रहे। अभियान की व्यापकता को देखते हुए लगभग 300 सफाई कर्मचारियों, आधा दर्जन जेसीबी मशीनों, ट्रिपर ट्रक,और एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉली को लगाया गया। सफाई कार्य युद्धस्तर पर चलाया गया, जिससे वर्षों से जमा कचरे के ढेर पूरी तरह हटाए जा सके।
सहायक नगर आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान करीब 400 ट्रैक्टर कचरा एकत्र कर नगर निगम के डंपिंग ग्राउंड भेजा गया। उन्होंने बताया कि यह भूमि राज्य सरकार की है जिसकी बाजार कीमत अनुमानित रूप से सौ करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। इतने मूल्यवान सरकारी भू-भाग पर भविष्य में महत्वपूर्ण सरकारी परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।
अभियान के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने भी सक्रिय सहभागिता दिखाई और नगर निगम के इस प्रयास की खुले दिल से प्रशंसा की। वहीं स्थानीय लोगों को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में इस स्थान पर कूड़ा फेंकते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम प्रशासन ने साफ कर दिया कि सार्वजनिक और सरकारी भूमि को दोबारा गंदा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सहायक नगर आयुक्त ने यह भी बताया कि जल्द ही पूरे मैदान की बाउंड्री वॉल कराई जाएगी, जिससे दोबारा अतिक्रमण और कूड़ा डंपिंग पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। इससे न सिर्फ इलाके की स्वच्छता बनी रहेगी बल्कि सरकारी भूमि भी सुरक्षित रहेगी।
—नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का वर्जन:
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का कहना है कि नगर निगम का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और उनका जनहित में उपयोग सुनिश्चित करना भी है। खेरिया मोड़ की यह भूमि अत्यंत मूल्यवान है, जिस पर राज्य सरकार की योजनाएं प्रस्तावित हैं। आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे और गंदगी फैलाने या सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


