गृहकर बकायेदारों पर नगर निगम की सख्ती, आधा दर्जन संपत्तियां सील

Press Release उत्तर प्रदेश

50 हजार से अधिक बकाया वालों पर कार्रवाई तेज, लगभग 19 लाख रुपये की वसूली

आगरा। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर गृहकर बकायेदारों के खिलाफ नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान गृहकर जमा न करने पर आधा दर्जन संपत्तियों को सील किया गया है। यह कार्रवाई विभिन्न जोनों में की गई, जिसमें ताजगंज जोन में चार, जबकि हरी पर्वत और लोहा मंडी जोन में एक-एक संपत्ति को सील किया गया है।

सील की गई संपत्तियों में चार दुकानें तथा एक मैरिज होम भी शामिल है। नगर निगम की कर विभाग की टीम द्वारा यह कार्रवाई मौके पर पहुंचकर की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान बकायेदारों को बार-बार नोटिस देने के बावजूद टैक्स जमा न करने पर निगम ने सख्त रुख अपनाया। प्रभारी कर श्रद्धा पांडेय ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 19 लाख 95 हजार 547 रुपये का गृहकर वसूला गया है। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक बड़े बकायेदारों को तीन दिन की मोहलत दी गई है। उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समयावधि में बकाया गृहकर जमा न करने पर उनकी संपत्तियों के खिलाफ भी सीलिंग व अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि नगर आयुक्त के निर्देशानुसार 50 हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वाले गृहकर दाताओं के खिलाफ यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर की राजस्व व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

—नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का वर्जन।

“नगर निगम की आय बढ़ाने और कर व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गृहकर बकायेदारों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। बड़े बकायेदारों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। समय रहते टैक्स जमा न करने वालों की संपत्तियों को सील करने समेत अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी। नागरिक स्वयं आगे आकर अपना बकाया गृहकर जमा करें, जिससे निगम की सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *