Agra News: प्रार्थना और गीत-संगीत, नृत्य की अनूठी प्रस्तुतियों से जीवंत हो उठा सेन्ट पीटर्स कॉलेज में ‘क्रिसमस मिलनोत्सव’

Press Release

आगरा। सेन्ट पीटर्स कॉलेज में ‘क्रिसमस मिलनोत्सव–2025’ का आयोजन उल्लास, सद्भाव और आध्यात्मिक वातावरण के साथ किया गया। कार्यक्रम में आगरा धर्मप्रान्त के आर्चविशप डॉ राफी मंजलि, निवर्तमान आर्चविशप डॉ अल्बर्ट डिसूजा, प्रबंधक फादर इग्नेशियस मिरांडा, कॉलेज प्रधानाचार्य फादर डॉ ऑल्विन पिन्टो, उप-प्रधानाचार्य फादर लुईस खेस तथा हेडमिस्ट्रेस सिस्टर एन्सी चिरायथ सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रभु यीशु मसीह के जन्म की पावन कथा के साथ हुई। कॉलेज के शिक्षक रक्षित जॉन ने क्रिसमस पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पर्व प्रभु यीशु के जन्म की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने संसार को प्रेम, शांति और आशा का संदेश दिया। शिक्षिका शर्ली पी. सिंह ने कहा कि क्रिसमस सद्भावना, करुणा और सकारात्मकता का पर्व है, जो मानवता को एक-दूसरे के करीब लाता है।

इस अवसर पर कॉलेज के अध्यापक-अध्यापिकाओं ने सामूहिक क्रिसमस गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। प्रधानाचार्य द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया, जिसके बाद बाइबिल पाठ और प्रार्थना-निवेदन प्रस्तुत किए गए।

छात्रों ने प्रभु यीशु मसीह के जीवन पर आधारित अंग्रेजी नाटिका का प्रभावशाली मंचन किया, जिसे दर्शकों ने सराहा।

कार्यक्रम में छात्रों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। अतिथियों के लिए मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया, जिससे वातावरण और अधिक जीवंत हो उठा।

आर्चविशप डॉ राफी मंजलि ने सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्रिसमस पर्व करुणा और प्रेम का संदेश देता है। जब मानव हृदय में सहानुभूति, प्रेम और करुणा का जन्म होता है, तभी ईश्वर हमारे बीच उपस्थित होता है और पर्वों का वास्तविक अर्थ साकार होता है।

इसके पश्चात सांता क्लॉज का आगमन हुआ और अतिथियों को उपहार भेंट किए गए। कार्यक्रम के अंत में हेडमिस्ट्रेस सिस्टर एन्सी चिरायथ ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

‘साइलेंट नाइट’ गीत के साथ क्रिसमस मिलनोत्सव का समापन हुआ और सभी ने एक-दूसरे को क्रिसमस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *