आगरा। भूतपूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती मंगलवार को किसान दिवस के रूप में लखनपुर, शास्त्रीपुरम स्थित मानसिंह पैलेस मैरिज होम में श्रद्धा, सम्मान और भावनात्मक वातावरण के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत चौधरी चरण सिंह के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुई।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में वृद्ध किसान, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने चौधरी चरण सिंह के जीवन संघर्ष, सिद्धांतों और किसान हित में किए गए ऐतिहासिक कार्यों को याद करते हुए उन्हें किसानों की आवाज़ और आत्मसम्मान का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि उनका संपूर्ण जीवन गांव, गरीब और किसान के उत्थान को समर्पित रहा, जिसकी प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है।
कार्यक्रम के आयोजक पूर्व ब्लॉक प्रमुख बिचपुरी चौधरी मानसिंह और उनके पुत्र लखन चौधरी ने बताया कि इस अवसर पर 101 वृद्ध किसानों, समाजसेवियों, ग्राम प्रधानों और पूर्व प्रधानों को चौधरी चरण सिंह का चित्र, माला और शाल भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी सम्मानितजनों के लिए सामूहिक भोज की भी व्यवस्था की गई।
इसके अलावा 11 अति-वृद्ध किसानों को कंबल भेंट कर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। आयोजकों ने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को किसान सम्मान, सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा के मूल्यों से जोड़ने का प्रयास है।
समारोह की अध्यक्षता वयोवृद्ध किसान जितेंद्र सिंह सुनारी ने की, जबकि संचालन अखिल भारतीय जाट महासभा के महामंत्री वीरेंद्र सिंह छोंकर ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर और महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि चौधरी चरण सिंह के विचारों और नीतियों पर चलकर ही सशक्त और समरस भारत का निर्माण संभव है।
मंच पर अतर सिंह मुखिया, ओपी वर्मा, मोहन सिंह मुखिया, वीरेंद्र सिंह चाहर, श्यामवीर पूनिया, सुरेंद्र सिंह वर्मा, अशोक शर्मा, समुद्र सिंह छोंकर और नानक चंद वर्मा मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम में वीरपाल प्रधान, राजवीर प्रधान, रामगोपाल चाहर, डॉ. लाखन सिंह छोंकर, संतोष चौधरी, कृष्णवीर प्रधान, भीष्म पाल चौधरी, गुड्डू चौधरी, बॉबी चौधरी, राहुल प्रधान, रघुवीर प्रधान, रामवीर प्रधान, कीरता प्रधान, महावीर प्रधान, भूपेंद्र राणा, जयप्रकाश चाहर, गजेंद्र नरवार, निर्मल चाहर, गुलवीर चौधरी, नवल चौधरी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
