शीतलहर से राहत को नगर निगम ने तिराहे और चौराहों पर लगवाये हीटर

Press Release उत्तर प्रदेश

आगरा। ठंड और शीतलहरी के प्रकोप को देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नगर क्षेत्र में निराश्रित, कमजोर एवं असुरक्षित व्यक्तियों को ठंड से बचाने के लिए संचालित शेल्टर होम (रैन बसेरे) की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के साथ ही अब शहर के दर्जनभर से अधिक तिराहों और चौराहों पर गैस हीटर का संचालन शुरू कराया गया है। शाम शुरू होकर यह हीटर देर रात तक सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद लोगों को राहत प्रदान कर रहे हैं
नोडल अधिकारियों के साथ-साथ पर्यवेक्षक अधिकारी भी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी कर रहे हैं।

नगर आयुक्त द्वारा जारी आदेश के बाद शहर में संचालित सभी रैन बसेरों में साफ-सफाई, गद्दे-रजाई, कंबल, स्वच्छ पेयजल, रसोई, अलाव, गर्म पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी शेल्टर होम में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग सोने एवं शौचालय की व्यवस्था अनिवार्य की गई है।
प्रत्येक शेल्टर होम में केयर टेकर की तैनाती की गई है, इनका नाम, पदनाम और मोबाइल नंबर शेल्टर होम के गेट पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया गया है। सार्वजनिक स्थलों जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, फुटपाथ और मुख्य बाजारों में रात्रिकालीन भ्रमण कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी निराश्रित व्यक्ति खुले में न सोए। यदि कोई व्यक्ति खुले में सोता पाया जाता है तो उसे तत्काल निकटतम शेल्टर होम में पहुंचाया जा रहा है । इस कार्य की जिम्मेदारी जोनल अधिकारियों और प्रवर्तन दल को सौंपी गई है।
नगर निगम द्वारा संचालित 12 शेल्टर होम में व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के लिए अभियंत्रण विभाग के अवर अभियंताओं को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इनके कार्यों की उच्च स्तरीय निगरानी के लिए सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, सहायक नगरआयुक्त श्रद्धा पांडेय, उप नगर आयुक्त सरिता सिंह और पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण को पर्यवेक्षक बनाया गया है।

यहां लगाये गये गैस हीटर ——

लगातार बढ़ती सर्दी को देखते हुए नगर निगम द्वारा प्रत्येक शेल्टर होम के साथ ही एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कैंट अटल चौक, ईदगाह बस स्टैंड, आईएसबीटी, भगवान टॉकीज लेडी लॉयल हॉस्पिटल, बिजली घर बस स्टैंड, रामबाग चौराहा पुल के नीचे, चिम्मनपुरी चौराहे पर ,कमिश्नर ऑफिस चौराहा और सिकंदरा चौराहा पर गैस हीटरों की व्यवस्था की गई है। इनके संचालन के लिए कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है

—नगर आयुक्त का वर्जन

नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि “ठंड और शीतलहरी के दौरान किसी भी निराश्रित व्यक्ति को खुले में नहीं रहने दिया जाएगा। शेल्टर होम की सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप रहें, इसके लिए नोडल और पर्यवेक्षक अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। कोहरा और सर्दी बढ़ने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर भी हीटरों की व्यवस्था की जा रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *