Agra News: शंखनाद-3 गीता ओलम्पियाड का पुरस्कार वितरण सम्पन्न, कर्मयोग के संदेश के साथ विद्यार्थियों का सम्मान

Press Release

आगरा। भगवद्गीता के शाश्वत संदेशों से प्रेरित होकर युवा पीढ़ी को जीवन का सही मार्ग दिखाने का सार्थक प्रयास आगरा में देखने को मिला। इस्कॉन द्वारा सूरसदन में आयोजित यूथ फेस्ट शंखनाद-3 गीता ओलम्पियाड के पुरस्कार वितरण समारोह में गीता के कर्मयोग, मनोनियंत्रण और चेतना विकास के सूत्रों के साथ विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। आध्यात्मिक वातावरण, उपहारों की बौछार और भक्ति से सराबोर कार्यक्रम ने उपस्थित सभी लोगों को गहराई से प्रभावित किया।

कार्यक्रम में इस्कॉन के गोपाल कृष्ण स्वामी महाराज ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि फल की आशा किए बिना कर्तव्य निभाना ही जीवन का मूल मंत्र है। परिणाम ईश्वर पर छोड़कर कर्म करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्साह, निश्चय और धैर्य सफलता की कुंजी हैं, लेकिन सफलता की राह में सबसे बड़ी बाधा मन होता है। मन यदि संतुलित हो जाए तो मित्र बन जाता है, अन्यथा शत्रु। हवा की गति को नियंत्रित किया जा सकता है, किंतु चंचल मन को केवल गीता का अभ्यास ही सही दिशा दे सकता है। गीता जीवन का सत्य है और अर्जुन की भांति लक्ष्य पर केंद्रित होकर कर्तव्य पथ पर चलना चाहिए।

वर्तमान पर फोकस ही सफलता की कुंजी

गोपाल कृष्ण स्वामी महाराज ने कहा कि अतीत और भविष्य की चिंता छोड़ वर्तमान पर ध्यान देना ही विवेकपूर्ण आचरण है। विद्यार्थियों के लिए वर्तमान में उनका अध्ययन ही सबसे बड़ा कर्तव्य है। शरीर आत्मा का वस्त्र है और मनुष्य सर्वोच्च प्राणी है, क्योंकि विवेक और चिंतन की क्षमता केवल उसी में है। मनुष्य का जन्म चेतना के विकास के लिए हुआ है। जैसा चिंतन करते हुए शरीर त्यागेंगे, वैसा ही आगे शरीर प्राप्त होगा। गीता भौतिक और आध्यात्मिक दोनों दृष्टियों से सही मार्गदर्शन करती है और जीवन राष्ट्र व समाज के सर्वकल्याण के उद्देश्य से जिया जाना चाहिए।

गीता जीवन के सत्य से कराती है परिचय

लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि जब जीवन में लोभ और मोह हावी हो जाते हैं, तब गीता ही सत्य का बोध कराती है। यह भारत का सौभाग्य है कि गीता जैसा महान ग्रंथ हमारी संस्कृति का हिस्सा है।

दीप प्रज्वलन और अतिथियों का सम्मान

कार्यक्रम का शुभारंभ श्रील प्रभुपाद की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। सभी अतिथियों का स्वागत माथे पर चंदन लगाकर किया गया। इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने अतिथियों को स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। मंच संचालन अदिति गौरांगी ने किया। इस अवसर पर दशावतार प्रभु, हरविजय प्रभु, शैलेन्द्र अग्रवाल, डॉ. जयदीप मल्होत्रा, नितेश अग्रवाल, कामता प्रसाद अग्रवाल, सुशील गुप्ता, सुरेश चंद गर्ग, सुनील मनचंदा, सुशील अग्रवाल, संजीव बंसल, संजय कुकरेजा, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश अग्रवाल, शैलेश बंसल, शाश्वत नन्दलाल, सत्या नारंग सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

वंशिका ने जीता लैपटॉप, साइकिल भी मिली उपहार में

गीता ओलम्पियाड के सीनियर वर्ग में सुन्दरलाल मैमोरियल इंटर कॉलेज की वंशिका ने प्रथम स्थान प्राप्त कर लैपटॉप जीता। युवराज चतुर्वेदी द्वितीय और अग्रित गुप्ता तृतीय स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में अविका शर्मा प्रथम, समर्थ गुप्ता द्वितीय और रिषभ शर्मा तृतीय रहे।

सब-जूनियर वर्ग में आरुष करमचंदानी, अरिहन्त सिंह, रोशनी खन्ना, यथार्थ कटारा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आदित्य राय और काव्या यादव द्वितीय तथा यश खंडेलवाल और अनन्या कुमारी तृतीय रहे। इसके अलावा 300 विद्यार्थियों को सांत्वना प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

संकीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भक्ति का अद्भुत रंग देखने को मिला। गोपालम गिरिराज, राज धरणम, श्रीराधा कृष्णाय नमो नमः और महाभारत कथा के मंचन पर सभागार तालियों से गूंज उठा। भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की अलौकिक छवियों के बीच हरे रामा हरे कृष्णा संकीर्तन पर सभी श्रद्धालु झूम उठे। रंगोली से सजा परिसर भी आकर्षण का केंद्र रहा।

15 जनवरी को होगी ‘थिंक गीता–लिव गीता’ प्रतियोगिता

कार्यक्रम में डॉ. रंजना बंसल ने घोषणा की कि 15 जनवरी को थिंक गीता–लिव गीता प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जो सभी स्कूलों के लिए ओपन रहेगी। चार वर्गों में होने वाली इस प्रतियोगिता का परिणाम 26 जनवरी को कॉसमॉस मॉल में घोषित किया जाएगा। इच्छुक विद्यालय कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर से प्रतियोगिता के फार्म प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *